बिन्दकी (फतेहपुर): रविवार को बिन्दकी कस्बे में पूर्व विधायक बाबू रमाकांत द्विवेदी की पुण्यतिथि पर उनके पैतृक आवास में श्रद्धांजलि देने वालों का जनसैलाब उमड़ पड़ा। नोएडा मीडिया क्लब के अध्यक्ष एवं टीवी 27 न्यूज़ चैनल के एडिटर-इन-चीफ आलोक द्विवेदी के पिता की पुण्य स्मृति में आयोजित इस श्रद्धांजलि सभा में प्रदेश सरकार के कई मंत्री, सांसद, विधायक, न्यायिक और प्रशासनिक अधिकारी, राजनीतिक दलों के पदाधिकारी तथा हजारों की संख्या में स्थानीय नागरिकों ने पहुंचकर पूज्य बाबूजी को नमन किया।
“सादगी और सेवा की प्रतिमूर्ति थे बाबूजी” – मंत्री राकेश सचान
कार्यक्रम में पहुंचे उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री राकेश सचान ने श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि “पूर्व विधायक बाबू रमाकांत द्विवेदी जन-जन के सच्चे नेता थे। उन्होंने सादगी, ईमानदारी और जनसेवा की मिसाल कायम की। विधायक रहते हुए वह पैदल और साइकिल से जनता के बीच पहुंचते थे। फतेहपुर के विकास में उनका योगदान अविस्मरणीय है।”
“बाबूजी का जीवन प्रेरणादायक” – मंत्री सुनील भराला
दर्जा प्राप्त मंत्री सुनील भराला ने कहा कि “बाबूजी विशाल व्यक्तित्व के धनी थे। उन्होंने अपना पूरा जीवन जनता की सेवा को समर्पित कर दिया। स्वतंत्रता संग्राम के प्रति उनका झुकाव उनके गहरे राष्ट्रप्रेम का परिचायक था।”
“स्वच्छ राजनीति के प्रतीक थे बाबू रमाकांत द्विवेदी” – सांसद नरेश उत्तम पटेल
फतेहपुर सांसद नरेश उत्तम पटेल ने कहा कि “पूर्व विधायक बाबू रमाकांत द्विवेदी की ईमानदार और स्वच्छ छवि राजनीति में एक आदर्श के रूप में सदा याद की जाएगी। उन्होंने बिन्दकी नगरपालिका के प्रथम चेयरमैन के रूप में आज़ादी का झंडा फहराया और स्वतंत्रता सेनानियों के सहयोगी के रूप में उल्लेखनीय भूमिका निभाई।”
“राजनीति में शुचिता की मिसाल” – सांसद रमेश अवस्थी
सांसद रमेश अवस्थी ने श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि “बाबूजी सच्चे जननेता थे। उन्होंने शुचिता, ईमानदारी और जनता के प्रति समर्पण की राजनीति की। उनका पूरा जीवन जनसेवा को समर्पित रहा।”
“हमारे परिवार से गहरा संबंध था” – रीता बहुगुणा जोशी
पूर्व मंत्री रीता बहुगुणा जोशी ने भावुक होते हुए कहा कि “बाबू रमाकांत द्विवेदी हमारे परिवार से गहरे जुड़े थे। मेरे पिता, पूर्व मुख्यमंत्री हेमवती नंदन बहुगुणा के साथ उनके आत्मीय संबंध रहे हैं। मैंने उन्हें बचपन से बहुत करीब से देखा है। उन्होंने सादगी और निष्ठा की राजनीति की मिसाल कायम की।”
डीएम, विधायक, अधिकारी और समाजसेवी भी रहे उपस्थित
श्रद्धांजलि सभा में फतेहपुर के जिलाधिकारी रविंद्र शर्मा, बीजेपी के क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल, पूर्व मंत्री एवं विधायक जयकुमार सिंह जैकी, पूर्व मंत्री राजेंद्र सिंह पटेल, विधायक सुरेंद्र मैथानी, बीजेपी जिलाध्यक्ष मुखलाल पाल, पूर्व विधायक विक्रम सिंह और कर्ण सिंह पटेल, सपा जिलाध्यक्ष सुरेंद्र यादव, पूर्व सांसद डॉ. अशोक पटेल, नगर पालिका फतेहपुर चेयरमैन राजकुमार मौर्य, बिन्दकी चेयरमैन राधा साहू, वरिष्ठ अधिवक्ता देवेश त्रिपाठी (सप्पू भैया) सहित जिले के अनेक ब्लॉक प्रमुख, ग्राम प्रधान, समाजसेवी और व्यापारी गण उपस्थित रहे।
“पिता के आदर्श जीवनभर प्रेरणा देते रहेंगे” – आलोक द्विवेदी
कार्यक्रम के समापन पर आलोक द्विवेदी ने कहा कि “हमारे पिता जी ने हमें सिखाया कि राजनीति सत्ता नहीं, सेवा का माध्यम है। उन्होंने सादगी, ईमानदारी और लोगों के प्रति प्रेम से जो उदाहरण स्थापित किया, वही हमारी सबसे बड़ी पूंजी है।”














