ग्रेटर नोएडा ( आमिर खान, ग्रेनो एक्सप्रेस, संवाददाता ) । कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और पुलिसिंग को अधिक पारदर्शी व जनहितैषी बनाने के उद्देश्य से लगातार थानों का निरीक्षण किया जा रहा है। इसी क्रम में आज, 7 जून 2026 को पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) सेंट्रल नोएडा, शैलेन्द्र कुमार सिंह द्वारा थाना बादलपुर का वार्षिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाने की प्रशासनिक व्यवस्थाओं को परखा और संबंधित अधिकारियों व पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

थाने के विभिन्न पटल और व्यवस्थाओं का जायजा
डीसीपी शैलेन्द्र कुमार सिंह ने थाना परिसर में पहुंचकर थाना कार्यालय, कंप्यूटर कक्ष, डाक कार्यालय, थाना हवालात, बैरक और मेस का गहनता से निरीक्षण किया। उन्होंने हेड मोहर्रिर और थाना प्रभारी को मालखाने में लंबे समय से लंबित पड़े माल का शीघ्र और विधिक रूप से निस्तारण करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही, परिसर में खड़े लावारिस वाहनों की पहचान कर नियमानुसार उनकी नीलामी प्रक्रिया को जल्द से जल्द पूरा करने को कहा। उन्होंने सभी सरकारी रजिस्टरों और अभिलेखों को अपडेट रखने और उनके सही रख-रखाव पर विशेष जोर दिया।
जनसुनवाई और महिला हेल्प डेस्क को प्राथमिकता
निरीक्षण के दौरान डीसीपी ने ‘साइबर हेल्प डेस्क’ और ‘महिला हेल्प डेस्क’ का विशेष जायजा लिया। वहां तैनात पुलिसकर्मियों को निर्देशित करते हुए उन्होंने कहा “थाने आने वाले हर पीड़ित की समस्या को बिना किसी देरी के सुना जाए और उसकी अविलंब सहायता की जाए। प्रतिदिन मिलने वाली सभी शिकायतों को अनिवार्य रूप से रजिस्टर में दर्ज करें और उनका गुणवत्तापूर्ण व समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें।
उन्होंने थाना प्रभारी को सख्त निर्देश दिए कि जनता के साथ मृदु और संवेदनशील व्यवहार किया जाए, ताकि आम नागरिकों में पुलिस के प्रति विश्वास बढ़े।














