नोएडा ( आमिर खान, ग्रेनो एक्सप्रेस, संवाददाता ) । नोएडा के सेक्टर-63 थाना पुलिस ने एनसीआर (NCR) क्षेत्र में सक्रिय दोपहिया वाहन चोरी करने वाले एक बड़े अंतर्राज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए बहलोलपुर अंडरपास के पास से दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की 12 मोटरसाइकिलें और एक अवैध चाकू बरामद किया है।

सुनसान जगहों पर करते थे रेकी
पुलिस ने बताया कि वे एक संगठित गिरोह के रूप में काम करते थे। दोनों आरोपी नोएडा और आसपास के एनसीआर इलाकों में घूमकर ऐसे सुनसान स्थानों और बाजारों की रेकी करते थे, जहाँ सीसीटीवी कैमरे न लगे हों। मौका मिलते ही वे मास्टर चाबी की मदद से चंद मिनटों में बाइक उड़ा देते थे। इसके बाद, वे इन चोरी की गाड़ियों को राह चलते अनजान लोगों को बेहद कम दामों में बेचकर मोटी रकम कमाते थे और आपस में बांट लेते थे।
गिरफ्तार आरोपियों का विवरण
पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान इस प्रकार हुई है:
आकाश मसी (उम्र 24 वर्ष): यह बदायूं जिले के थाना उगैती का रहने वाला है और वर्तमान में नोएडा के छिजारसी (सेक्टर-63) में रह रहा था। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आकाश अनपढ़ है।
नवीन (उम्र 24 वर्ष): यह मूल रूप से बिहार के वैशाली जिले का निवासी है और वर्तमान में छिजारसी में ही रह रहा था। नवीन कक्षा 8 तक पढ़ा हुआ है।
आरोपियों का लंबा आपराधिक इतिहास
पकड़े गए दोनों आरोपी बेहद शातिर किस्म के अपराधी हैं, जिन पर दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद के विभिन्न थानों में दर्जनों मुकदमे दर्ज हैं।
गिरफ्तार आरोपी आकाश मसी का पुराना आपराधिक इतिहास है। उसके खिलाफ गाजियाबाद के खोड़ा, नोएडा के फेस-3, सेक्टर-58 और सेक्टर-63 सहित विभिन्न थानों में चोरी, लूट और आर्म्स एक्ट के 15 संगीन मामले दर्ज हैं।
वही नवीन भी आदतन अपराधी है, जिस पर नोएडा, नई दिल्ली के तुगलक रोड और गाजियाबाद के वेवसिटी थानों में चोरी और बीएनएस (BNS) की धाराओं के तहत 7 मुकदमे दर्ज हैं।
फिलहाल सेक्टर-63 थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब इनके अन्य साथियों और चोरी की गाड़ियां खरीदने वाले खरीदारों की तलाश में जुटी है।














