ग्रेटर नोएडा । ग्रेटर नोएडा के दनकौर मंझावली पुल के पास दनकौर कोतवाली क्षेत्र में अधूरे रोड पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में हरियाणा के फरीदाबाद निवासी अस्पताल की एक की जान चली गई। बताया जाता है की घटना रविवार की देर रात हुई। जबकि सोमवार की सुबह दनकौर पुलिस को मामले की जानकारी हुई तो पुलिस ने उसको गड्ढे से घायल को बाहर निकालकर ग्रेटर नोएडा के जिम्स अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों ने उनको मृत घोषित कर दिया।

जिसके बाद पुलिस ने इस संबंध में मामले की जानकारी मृतक के परिजनों को दी। पुलिस ने शव का पंचनामाकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। जानकारी के मुताबिक, 45 वर्षीय अतुल कुमार जोशी जो फरीदाबाद के एनआईटी-1 क्षेत्र के रहने वाले थे। बताया जाता है कि वह एक आई केयर अस्पताल में मैनेजर के पद पर कार्यरत थे। जो रविवार रात अपनी बाइक से मंझावली पुल के रास्ते ग्रेटर नोएडा की ओर जा रहे थे। बताया जा रहा है कि पुल के आगे सड़क निर्माण कार्य अभी अधूरा है। रात के अंधेरे में उन्हें यह अंदाजा नहीं हो सका कि आगे रास्ता समाप्त हो चुका है। इसी दौरान उनकी बाइक सीधे गहरे गड्ढे में जा गिरी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। सोमवार सुबह राहगीरों और स्थानीय लोगों को घटना की जानकारी हुई, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। दनकौर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए अस्पताल भेजा। बाद में उन्हें ग्रेटर नोएडा के जिम्स अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस भीषण हादसे के बाद क्षेत्र में अधूरे पड़े मार्ग की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए। दनकौर पुलिस के अनुसार, इस हादसे में हेलमेट के शीशे से नाक पर गंभीर चोट लगने के कारण अत्यधिक रक्तस्राव हुआ, जिससे उनकी मौत हो गई। स्थानीय लोगों का आरोप है कि मंझावली से ग्रेटर नोएडा को जोड़ने वाले मार्ग के निर्माण कार्य का करीब 6 महीने पहले जनप्रतिनिधियों द्वारा उद्घाटन किया गया था, लेकिन आज तक सड़क पूरी नहीं हो सकी है। लोगों का कहना है कि अधूरे मार्ग और पर्याप्त चेतावनी संकेतों के अभाव में यहां आए दिन हादसे हो रहे हैं, बावजूद इसके संबंधित विभाग इस ओर गंभीरता नहीं दिखा रहा है। दनकौर कोतवाली प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम कराया गया और बाद में परिजनों को सौंप दिया गया है। मामले में शिकायत मिलने पर जांच करने की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।














