ग्रेटर नोएडा ( आमिर खान, संवाददाता ) : शारदा यूनिवर्सिटी में फैमिली डिस्प्यूट रिजॉल्यूशन क्लिनिक (FDRC) की छठी वर्षगांठ मनाई गई। शारदा स्कूल ऑफ लॉ और गौतम बुद्ध नगर पुलिस कमिश्नरेट के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम की थीम “सामंजस्यपूर्ण समाज के लिए मजबूत परिवार” रही। कार्यक्रम में 350 से अधिक छात्र, पुलिस अधिकारी, कानूनी विशेषज्ञ, काउंसलर और शिक्षाविद शामिल हुए।

कार्यक्रम की शुरुआत थाना नॉलेज पार्क में उद्घाटन समारोह से हुई। इसके बाद शारदा यूनिवर्सिटी के चाणक्य ऑडिटोरियम में मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबीता सिंह चौहान मुख्य अतिथि और गौतम बुद्ध नगर की पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहीं।
पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने कहा कि पारिवारिक और वैवाहिक विवादों को सुलझाना पुलिस के सामने आने वाली कठिन चुनौतियों में से एक है। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में कानूनी कार्रवाई के साथ-साथ सहानुभूति, धैर्य, काउंसलिंग और बातचीत की जरूरत होती है। FDRC पुलिस, कानूनी विशेषज्ञों, मनोवैज्ञानिकों और काउंसलरों को एक मंच पर लाकर विवादों के शांतिपूर्ण समाधान में मदद कर रहा है।
वहीं, महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबीता सिंह चौहान ने कहा कि पारिवारिक विवादों का सबसे ज्यादा असर महिलाओं और बच्चों पर पड़ता है। काउंसलिंग और मध्यस्थता के जरिए सम्मान और शांति बहाल करने में FDRC महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।














