ग्रेटर नोएडा । किसानों की लंबे समय से लंबित मांगों को लेकर भारतीय किसान यूनियन (कृषक शक्ति) आगामी 23 सितंबर को सूरजपुर स्थित जिलाधिकारी कार्यालय (कलेक्ट्रेट) पर बड़ा प्रदर्शन करेगा। प्रदर्शन से पहले संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता दुर्गा गोल चक्कर से पैदल मार्च निकालते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचेंगे और जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपेंगे। यह जानकारी ग्रेटर नोएडा के स्वर्ण नगरी स्थित प्रेस क्लब में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन के दौरान दी गई।

संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमन ठाकुर ने कहा कि किसानों के हितों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वही संगठन ने अपनी मुख्य मांगों को रेखांकित करते हुए शासन-प्रशासन से तत्काल कदम उठाने की मांग की है:
* 10% आबादी प्लॉट: पात्र किसानों को 10% आबादी प्लॉट का तत्काल आवंटन।
* भूमि अधिग्रहण कानून: वर्ष 2013 के नए भूमि अधिग्रहण कानून को क्षेत्र में पूरी तरह लागू करना।
* सर्किल रेट व समान नीति: क्षेत्र के सर्किल रेट में संशोधन किया जाए और तीनों प्राधिकरणों (नोएडा, ग्रेटर नोएडा व यमुना एक्सप्रेसवे) में समान नीति व समान मुआवजा दर लागू हो।
* स्थानीय युवाओं को रोजगार: क्षेत्र के उद्योगों और विकास परियोजनाओं में स्थानीय युवाओं को रोजगार का अवसर प्रदान करना।

इस दौरान संगठन का विस्तार भी किया गया
संगठन का विस्तार करते हुए गाजियाबाद (खोड़ा) निवासी अनीश शर्मा को पश्चिमी उत्तर प्रदेश का अध्यक्ष नियुक्त किया गया। अनीश शर्मा अपने समर्थकों के साथ अन्य संगठन छोड़कर पुनः BKU (कृषक शक्ति) में शामिल हुए हैं, जिनका राष्ट्रीय नेतृत्व ने स्वागत किया।
इस अवसर पर राष्ट्रीय संरक्षक हरिप्रताप सिंह छौकर, राष्ट्रीय महासचिव राम भरोसे शर्मा, राष्ट्रीय प्रवक्ता रविंद्र प्रधान, युवा प्रदेश अध्यक्ष रिजवान मेवाती, शाहिद खान, सुनील शर्मा, जिलाध्यक्ष हरिओम सिंह सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।














