नोएडा । शनिवार को थाना सेक्टर-49 पुलिस और मोबाइल फोन स्नेचरों के बीच हुई मुठभेड़ में एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसके एक साथी को कॉम्बिंग के दौरान गिरफ्तार कर लिया गया। यह घटना केंद्रीय बिहार गोल चक्कर से सेक्टर-76 मेट्रो स्टेशन की तरफ जाने वाली सड़क पर चेकिंग के दौरान हुई।
पुलिस चेकिंग के दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार दो व्यक्तियों को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन उन्होंने रुकने के बजाय मोटरसाइकिल मोड़कर सेक्टर-50 के सामने सर्विस रोड पर भगाना शुरू कर दिया। पुलिस टीम द्वारा पीछा किए जाने पर बदमाशों ने खुद को घिरा देख पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की।
पुलिस द्वारा आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई में नौशाद उर्फ टोला (उम्र करीब 22 वर्ष) नामक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया। उसके कब्जे से एक तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस .32 बोर बरामद हुआ। घायल नौशाद उर्फ टोला को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
कॉम्बिंग के दौरान, नौशाद के दूसरे साथी तरुण (उम्र करीब 23 वर्ष) को भी गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों के कब्जे से छीना गया एक मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद हुई है।
घायल आरोपी नौशाद उर्फ टोला का आपराधिक इतिहास काफी लंबा है, उसके खिलाफ सेक्टर-39 और सेक्टर-24 थानों में हत्या के प्रयास सहित कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। तरुण के खिलाफ भी थाना सेक्टर-49 में एक मुकदमा दर्ज है।
वही पुलिस ने बताया कि आरोपियों के अन्य आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।














