नोएडा । आज दोपहर नोएडा फेस 1 थाना क्षेत्र के सेक्टर 3 स्थित एक कमर्शियल बिल्डिंग के टॉप फ्लोर पर भीषण आग लगने से इलाके में अफरातफरी मच गई। गनीमत रही कि इस घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है, लेकिन आग की लपटों और धुएं के गुबार ने आसपास के लोगों को दहशत में डाल दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग दोपहर लगी । आग की लपटें इतनी भयानक थीं कि दूर से ही देखी जा सकती थीं। धुएं का काला गुबार आसमान में छा गया, जिससे आसपास का माहौल पूरी तरह से धुंधला हो गया। आग लगने की सूचना तत्काल फायर विभाग को दी गई, जिसके बाद कई दमकल गाड़ियां तुरंत मौके पर रवाना हो गईं।
आग की गंभीरता को देखते हुए आसपास की बिल्डिंगों से लोगों को तुरंत बाहर निकाला गया। सड़कों पर भीड़ जमा हो गई और हर कोई स्थिति को लेकर चिंतित नजर आ रहा था। पुलिस ने भी मौके पर पहुंचकर भीड़ को नियंत्रित किया और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की।
दमकल विभाग की टीम ने घटनास्थल पर पहुंचते ही तुरंत आग बुझाने का अभियान शुरू कर दिया। कई घंटों की मशक्कत के बाद, दमकल कर्मियों ने आखिरकार आग पर काबू पा लिया। फायर विभाग के अधिकारियों ने बताया कि आग को अन्य फ्लोर पर फैलने से रोकने के लिए त्वरित कार्रवाई की गई।
आग लगने का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है। फायर विभाग और स्थानीय प्रशासन ने घटना की जांच शुरू कर दी है ताकि आग लगने के पीछे की वजह का पता लगाया जा सके। हालांकि, प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट की संभावना से इनकार नहीं किया जा रहा है।














