ग्रेटर नोएडा । पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर में लावारिस और सीजशुदा वाहनों के निस्तारण हेतु चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन क्लीन-2’ के तहत बादलपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना बादलपुर परिसर में माननीय न्यायालय से आदेश प्राप्त करने के बाद कुल 189 सीजशुदा वाहनों की सार्वजनिक नीलामी की गई, जिससे सरकारी खजाने में 22 लाख 36 हजार रुपये जमा हुए हैं।

पुलिस आयुक्त, कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर के निर्देशों के क्रम में, बादलपुर पुलिस ने आज, 25 सितंबर 2025 को यह नीलामी प्रक्रिया पूरी की। ये सभी वाहन एमवी एक्ट की धारा 207 से संबंधित थे और इनकी सीज अवधि पूरी हो चुकी थी। नीलामी में शामिल वाहनों में 155 मोटरसाइकिल, 05 स्कूटर, 10 स्कूटी, 08 कार, 01 ट्रैक्टर, 01 छोटा हाथी, 01 कैंटर, 03 टेम्पू, 02 जुगाड़ और 03 ई-रिक्शा शामिल थे।
नीलामी से पहले, वाहनों का संभागीय परिवहन अधिकारी गौतमबुद्धनगर से विधिवत मूल्यांकन कराया गया और व्यापक प्रचार-प्रसार भी किया गया। नीलामी प्रक्रिया में कई इच्छुक बोलीदाताओं ने हिस्सा लिया। अंततः, नागेश त्यागी (निवासी लक्ष्मीनगर, अमरोहा) और प्रदीप कुमार (निवासी इकला, गाजियाबाद) ने सभी 189 वाहनों के लिए संयुक्त रूप से 22 लाख 36 हजार रुपये की सर्वाधिक बोली लगाई।
इस पूरी प्रक्रिया के दौरान पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सहायक पुलिस आयुक्त द्वितीय सेन्ट्रल नोएडा, थाना प्रभारी बादलपुर, आरआई टेक्निकल और परिवहन कार्यालय गौतमबुद्धनगर के अधिकारीगण मौजूद रहे।














