ग्रेटर नोएडा ( आमिर खान, ग्रेनो एक्सप्रेस संवाददाता ) । गौतमबुद्ध नगर पुलिस ने एक बार फिर अपनी कार्यकुशलता और सेवा भाव का परिचय दिया है। शनिवार की देर रात ग्रेटर नोएडा के परी चौक इलाके में पुलिस की मुस्तैदी की वजह से एक महिला के चेहरे पर मुस्कान लौट आई, जो अपने लाखों रुपये के कीमती जेवरात और नकदी खो जाने के कारण बदहवास हो चुकी थी।

मिली जानकारी के अनुसार, कानपुर के कल्याणपुर (मकड़ी खेड़ा कछार) की रहने वाली महिला कमर अहसान पत्नी वसीम बाबू, अपने भाई से मिलने के लिए कानपुर से नोएडा आई थीं। सफर के दौरान परी चौक के पास उनका एक महत्वपूर्ण बैग कैब में छूट गया। इस बैग में लाखों रुपये मूल्य के सोने के आभूषण, एक नया सैमसंग मोबाइल फोन और 10,000 रुपये की नकदी मौजूद थी। कीमती सामान और मेहनत की कमाई खो जाने से महिला बेहद परेशान और डरी हुई थी।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
पीड़ित महिला ने तुरंत परी चौक चौकी पहुंचकर अपनी आपबीती सुनाई। मामले की गंभीरता और महिला की परेशानी को देखते हुए चौकी इंचार्ज सन्नी कुमार ने बिना समय गंवाए अपनी टीम के साथ सक्रियता दिखाई। पुलिस टीम ने संभावित रास्तों और सीसीटीवी कैमरों की मदद से बैग की तलाश शुरू की। समस्त स्टाफ के सामूहिक प्रयास और तीव्र कार्यवाही का परिणाम यह रहा कि महिला का सामान सुरक्षित ढूंढ निकाला गया।
जब पुलिस ने महिला को उनका बैग सौंपा, जिसमें सोने के जेवर, नया फोन और पूरी नकदी सुरक्षित थी, तो उनकी आंखों में खुशी के आंसू छलक आए। महिला ने परी चौक चौकी इंचार्ज सन्नी कुमार और पूरी गौतमबुद्ध नगर पुलिस का हृदय से धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि पुलिस की इस मदद ने उनके विश्वास को और मजबूत किया है।
गौतमबुद्ध नगर पुलिस की इस सफलता की सोशल मीडिया पर भी काफी सराहना हो रही है।














