ग्रेटर नोएडा। विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल, मंगल पांडेय प्रखंड द्वारा धर्म प्रसार दिवस का भव्य आयोजन आज ग्राम रोजा याकूबपुर (महादेवपुर) स्थित सामुदायिक केंद्र में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम में हिंदू समाज के विभिन्न वर्गों की उल्लेखनीय सहभागिता देखने को मिली।

इस अवसर पर प्रांत सह मंत्री जितेंद्र जी का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। कार्यक्रम में विभाग मंत्री ललित जी, जिला अध्यक्ष विनय चौधरी, जिला सह धर्म प्रसार प्रमुख अंकित शर्मा जी, जिला संगठन मंत्री शुभम जी, प्रखंड मंत्री सर्वेंद्र सिंह जी, नगर प्रखंड अध्यक्ष प्रेम सिंह नागर जी सहित अनेक खंड संयोजक एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम में नारी शक्ति का प्रतिनिधित्व करते हुए सुनीता जी की विशेष उपस्थिति रही।
कार्यक्रम की अध्यक्षता हरवीर सेन जी ने की। आयोजन में लगभग 450 से अधिक लोगों की सहभागिता रही, जिनमें महिलाओं, बच्चों एवं युवाओं की संख्या विशेष रूप से उल्लेखनीय रही।
मुख्य वक्ता के रूप में संबोधित करते हुए जितेंद्र जी ने हिंदू समाज को सामाजिक एकता का संदेश देते हुए कहा कि पंथ और परंपराएँ भिन्न हो सकती हैं, किंतु हमारा धर्म एक है। उन्होंने स्वामी श्रद्धानंद जी के जीवन पर प्रकाश डालते हुए बताया कि किस प्रकार स्वामी दयानंद सरस्वती जी के प्रवचनों से प्रेरित होकर उन्होंने गुरुकुल कांगड़ी की स्थापना की तथा घर वापसी और शुद्धि आंदोलन के माध्यम से धर्म एवं संस्कृति की रक्षा हेतु अपना जीवन समर्पित कर दिया।
उन्होंने आगे स्वामी लक्ष्मणानंद द्वारा आदिवासी क्षेत्रों में हो रहे धर्मांतरण को रोकने के लिए दिए गए बलिदान, पंडित लेखराज जी के त्याग तथा गुरु गोविंद सिंह जी द्वारा धर्म रक्षा के लिए अपने संपूर्ण परिवार का बलिदान देने का उल्लेख करते हुए कहा कि हिंदू धर्म का इतिहास त्याग, तपस्या और बलिदान से भरा हुआ है।
मुख्य वक्ता ने अपने उद्बोधन में कहा कि हमारा धर्म पूर्णतः वैज्ञानिक है, जिसकी जीवन पद्धति को आज पूरा विश्व अपनाने की दिशा में अग्रसर है। उन्होंने आह्वान किया कि समाज को अपने धर्म, संस्कृति और इतिहास को गहराई से समझने की आवश्यकता है। जब हम अपने धर्म को जानेंगे और अपनाएंगे, तभी धर्मांतरण रुकेगा और समाज व राष्ट्र सुरक्षित रहेगा।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्र और धर्म रक्षा के संकल्प के साथ किया गया।














