ग्रेटर नोएडा में एक प्रेमिका ने अपने विदेशी प्रेमी की चाकू मारकर हत्या कर दी। दोनों लंबे समय से लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे। पुलिस ने आरोपी प्रेमिका को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कार्रवाई कर रही है।



नॉलेज पार्क थाना पुलिस ने बताया कि उन्हें जीआईएमएस अस्पताल से सूचना मिली थी। अस्पताल में दक्षिण कोरियाई नागरिक डक ही यू (Mr Duck Hee Yuh) को मृत अवस्था में भर्ती कराया गया था। वह एटीएस पायस हाइड वेज, सेक्टर-150, नॉलेज पार्क, गौतमबुद्धनगर में रहता था।
पुलिस की जांच में सामने आया कि मणिपुर की रहने वाली लुंजेना पमाई (Lunjeana Pamai) ने ही डक ही यू को अस्पताल में भर्ती कराया था और उसी ने चाकू से उसकी हत्या की थी। दोनों काफी समय से लिव-इन रिलेशनशिप में साथ रह रहे थे।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतक डक ही यू शराब पीकर प्रेमिका लुंजेना पमाई के साथ मारपीट करता था। बताया जा रहा है कि इसी बात से परेशान होकर लुंजेना ने यह कदम उठाया। घटना के समय दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद लुंजेना ने चाकू से वार कर उसकी हत्या कर दी। मृतक एक मोबाइल कंपनी में मैनेजर था।
इस मामले में नॉलेज पार्क थाने में तत्काल मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी महिला लुंजेना पमाई को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।














