ग्रेटर नोएडा (आमिर खान, ग्रेनो एक्सप्रेस, संवाददाता )। ग्रेटर नोएडा की थाना बीटा-2 पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। जिसमे पुलिस ने मंगलवार को सिग्मा-1 सर्विस रोड के पास से वाहन चोरी करने वाले एक शातिर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में गिरोह में शामिल दो बाल अपचारियों (किशोरों) को भी पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मुखबिर की सूचना पर थाना बीटा-2 पुलिस ने सिग्मा-1 क्षेत्र में घेराबंदी की थी। पकड़े गए बदमाशों के पास से दो हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिलें बरामद हुई हैं। जांच में सामने आया कि ये दोनों मोटरसाइकिलें थाना बीटा-2 क्षेत्र से ही चोरी की गई थीं। पकड़े जाने के डर से बदमाशों ने इन मोटरसाइकिलों पर फर्जी नंबर प्लेट लगा रखी थी, ताकि सड़क पर पुलिस की चेकिंग से बच सकें।
पुलिस द्वारा मिली जानकारी के अनुसार पूछताछ में खुलासा हुआ कि यह गिरोह बेहद शातिर किस्म का है। ये पहले भीड़भाड़ वाले इलाकों या पार्किंग में मोटरसाइकिलों की रेकी करते थे और मौका मिलते ही लॉक तोड़कर वाहन उड़ा ले जाते थे। चोरी की गई इन बाइकों को गिरोह के सदस्य ऊंचे दामों पर बेचकर अवैध धन अर्जित करते थे और उसे अपनी मौज-मस्ती पर खर्च करते थे। तलाशी के दौरान बदमाशों के पास से एक अवैध चाकू भी बरामद हुआ है, जिसे वे वारदातों के समय सुरक्षा या डराने-धमकाने के लिए अपने पास रखते थे।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमित पुत्र कुंवरपाल (निवासी आनंदपुर, जारचा) और कुणाल पुत्र नौबत (निवासी बुलंदशहर, हाल निवासी दादरी) के रूप में हुई है। इनके साथ दो अन्य किशोरों को भी बाल सुधार गृह भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।














