ग्रेटर नोएडा ( आमिर खान, ग्रेनो एक्सप्रेस, संवाददाता ) : ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ एक 32 वर्षीय युवक का शव उसके कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में बिस्तर पर पड़ा मिला। मृतक की पहचान सतवीर के रूप में हुई है, जो मूल रूप से अलीगढ़ का रहने वाला था। प्रथम दृष्टया मामला जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस अन्य पहलुओं पर भी बारीकी से जांच कर रही है।

मिली जानकारी के अनुसार, सतवीर ग्रेटर नोएडा में एक सिक्योरिटी गार्ड के रूप में कार्यरत था। मंगलवार सुबह डायल 112 के माध्यम से पुलिस को सूचना मिली कि एक कमरे के अंदर युवक का शव पड़ा है। सूचना मिलते ही सूरजपुर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुँची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

पुलिस को सतवीर का शव गद्दे पर पड़ा मिला। उसके मुँह से झाग निकल रहे थे, जो आमतौर पर जहरीले पदार्थ के सेवन का लक्षण माना जाता है। कमरे की स्थिति देखने से पता चला कि सतवीर रात को ड्यूटी से लौटने के बाद खाना खा रहा था, खाने की प्लेट उसके शव के बिल्कुल पास ही बरामद हुई है।
कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं
पुलिस ने बताया कि मृतक के शरीर पर चोट का कोई भी बाहरी निशान नहीं मिला है। मौके से फिलहाल कोई सुसाइड नोट भी बरामद नहीं हुआ है, जिससे मौत के कारणों की स्पष्ट पुष्टि हो सके।
पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि मृतक के परिजनों को सूचित कर दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।
स्थानीय निवासियों और साथ काम करने वाले कर्मचारियों से भी पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि क्या सतवीर पिछले कुछ दिनों से किसी मानसिक तनाव या पारिवारिक विवाद में था।














