नोएडा ( आमिर खान, ग्रेनो एक्सप्रेस, संवाददाता ) । नोएडा की थाना सेक्टर-126 पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने मास्टर चाबी की मदद से दोपहिया वाहन चोरी करने वाले एक शातिर गैंग के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से चोरी की 5 मोटरसाइकिलें और भारी मात्रा में कटे हुए पुर्जे बरामद किए गए हैं।
पुस्ता रोड पर चेकिंग के दौरान धरे गए शातिर
दरअसल पुलिस टीम ने रायपुर की ओर जाने वाले पुस्ता रोड पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग के दौरान दो मोटरसाइकिलों पर सवार तीन युवकों को रोका। कड़ाई से पूछताछ करने पर पता चला कि उक्त वाहन चोरी के थे। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जितेन्द्र उर्फ जीतू (कन्नौज), शालू (फिरोजबाद) और फिरोज खान (हाथरस) के रूप में हुई है। गिरोह का मुख्य सरगना जितेन्द्र फिलहाल दिल्ली के मंडावली इलाके में रह रहा था।
मैकेनिक फिरोज मिनटों में बदल देता था बाइक का हुलिया
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे एक संगठित तरीके से काम करते थे। फिरोज खान और शालू पहले कॉरपोरेट ऑफिसों, स्कूलों और पार्किंग स्थलों की रेकी करते थे। इसके बाद जितेन्द्र मास्टर चाबी से लॉक खोलकर बाइक चोरी कर लेता था।
गिरोह का सदस्य फिरोज खान एक कुशल बाइक मैकेनिक है। वह चोरी की गई बाइकों के इंजन और चेसिस नंबर को हथौड़े और पेचकस की मदद से घिसकर मिटा देता था। इसके बाद डिमांड के अनुसार बाइक को काटकर उसके महत्वपूर्ण हिस्से जैसे अलॉय व्हील, मीटर और हैंडल अलग कर बाजार में बेच दिए जाते थे।
बरामदगी और आपराधिक रिकॉर्ड
पुलिस ने अभियुक्तों की निशानदेही पर:
* 5 मोटरसाइकिलें (जिसमें हीरो स्प्लेंडर और होंडा ड्रीम नियो शामिल हैं)।
* बड़ी संख्या में पुर्जे (इंजन, चेसिस, पेट्रोल टैंक आदि)।
* उपकरण: 2 मास्टर चाबी, हथौड़ा और नुकीला पेचकस बरामद किया है।
पुलिस द्वारा मिली जानकारी के अनुसार मुख्य आरोपी जितेन्द्र उर्फ जीतू पर दिल्ली-एनसीआर और यूपी के विभिन्न जिलों में 21 गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। वहीं शालू और फिरोज खान पर भी नोएडा के अलग-अलग थानों में कई मामले दर्ज हैं। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इन्होंने चोरी के पार्ट्स किन कबाड़ियों को बेचे हैं।














