ग्रेटर नोएडा ( आमिर खान, ग्रेनो एक्सप्रेस, संवाददाता ) : ग्रेटर नोएडा के मैरिज हॉल में शादी की खुशियों के बीच कार चोरी करने वाले एक शातिर गिरोह का सूरजपुर पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने पार्किंग के नाम पर धोखाधड़ी कर कार उड़ाने वाले 4 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की गई डस्टर कार बरामद कर ली है।

क्या था पूरा मामला?
दरअसल घटना 1 फरवरी 2026 की है, जब दिल्ली की रहने वाली एक महिला अपनी लाल रंग की डस्टर कार से ग्रेटर नोएडा के एक मैरिज हॉल में शादी समारोह में शामिल होने आई थीं। पार्किंग स्थल पर मौजूद चार युवकों ने खुद को पार्किंग स्टाफ बताकर महिला से चाबी ले ली और बदले में उन्हें बाकायदा एक टोकन थमा दिया।
जब महिला कार्यक्रम समाप्त होने के बाद वापस लौटीं और टोकन दिखाकर अपनी कार मांगी, तो वहां मौजूद स्टाफ ने गाड़ी होने से साफ इनकार कर दिया। ठगी का अहसास होने पर पीड़िता ने तुरंत थाना सूरजपुर में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस की कार्रवाई और गिरफ्तारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए सूरजपुर पुलिस ने गहनता से जांच शुरू की। इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और लोकल इनपुट की मदद से पुलिस इस नतीजे पर पहुँची कि पार्किंग में मौजूद इन्हीं लोगों ने योजनाबद्ध तरीके से कार चोरी की थी।
जिसके बाद 3 फरवरी को सूरजपुर पुलिस टीम ने ग्राम लखनावली रोड से घेराबंदी कर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए अभियुक्तों की पहचान नवनीत गोयल, इरफान, रवि और नरेश के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से चोरी की गई डस्टर कार भी बरामद कर ली है।
पुलिस के अनुसार, पकड़े गए आरोपियों में से रवि का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है।














