ग्रेटर नोएडा ( आमिर खान, ग्रेनो एक्सप्रेस, संवाददाता ) । ग्रेटर नोएडा के दादरी थाना क्षेत्र में चोरों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब उन्हें पुलिस का कोई खौफ नहीं रह गया है। ताजा मामले में चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। जिस दौरान चोर सीसीटीवी कैमरे में जाते हुए कैद हो गए है, जिसके आधार पर पुलिस जांच कर रही है।

पीड़ित परिवार के अनुसार, वे सभी घर में ताला लगाकर अपने चाचा की लड़की की शादी के समारोह में शामिल होने गए थे। घर सूना पाकर चोरों ने ताला तोड़ा और इत्मीनान से अंदर दाखिल हुए। जब परिवार शादी से वापस लौटा, तो घर का नजारा देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। अलमारियों के ताले टूटे हुए थे और सारा सामान बिखरा पड़ा था। कीमती जेवरात और मेहनत की कमाई की नकदी गायब पाकर परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
चोरों की यह करतूत इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है। फुटेज में संदिग्धों को घर के आसपास रेकी करते और फिर वारदात को अंजाम देते देखा जा सकता है। पुलिस ने इन फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया है और अपराधियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।
निवासियों में गहरा आक्रोश व्याप्त है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इलाके में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं।
सूचना मिलते ही दादरी थाना पुलिस मौके पर पहुँची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने पीड़ित परिवार की तहरीर के आधार पर कार्यवाही में जुट गई है। थाना प्रभारी का कहना है कि चोरों को पकड़ने के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं और जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।














