ग्रेटर नोएडा ( आमिर खान, ग्रेनो एक्सप्रेस, संवाददाता ) : सेंट्रल नोएडा के थाना इकोटेक-3 क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले तुस्याना गांव में मामूली कहासुनी ने खूनी रूप अख्तियार कर लिया। एक कुआँ पूजन कार्यक्रम की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब एक युवक की सरेराह बांके (धारदार हथियार) से प्रहार कर हत्या कर दी गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

गाली-गलौज से शुरू हुआ विवाद
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान मनोज उर्फ लालू के रूप में हुई है। मनोज गांव में ही आयोजित एक कुआँ पूजन कार्यक्रम में शामिल होने गया था। कार्यक्रम के दौरान वहां मौजूद जगवीर भाटी के साथ उसकी किसी बात को लेकर तीखी बहस हो गई। चश्मदीदों के मुताबिक, विवाद इतना बढ़ा कि मनोज ने जगवीर के लिए अपशब्दों और गालियों का प्रयोग किया। सार्वजनिक रूप से हुए इस अपमान से जगवीर भाटी तैश में आ गया और गुस्से में वहां से अपने घर चला गया।
सरेराह किया जानलेवा हमला
अपमान का बदला लेने की सनक में आरोपी जगवीर घर से एक बाका (धारदार हथियार) लेकर वापस लौटा और मनोज की तलाश करने लगा। गांव की सड़क पर एक बुग्गी के पास दोनों का आमना-सामना हो गया। बताया जा रहा है कि पहले दोनों के बीच धक्का-मुक्की हुई, लेकिन देखते ही देखते जगवीर ने मनोज पर बांके से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
हमला इतना घातक था कि मनोज के सिर पर गहरे घाव हो गए और अत्यधिक खून बह जाने के कारण उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। सरेराह हुई इस वारदात से गांव में दहशत फैल गई।
पुलिस की कार्रवाई और गिरफ्तारी
घटना की सूचना मिलते ही इकोटेक-3 थाना पुलिस भारी बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी जगवीर भाटी को हिरासत में ले लिया गया है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया खून से सना बाका भी बरामद कर लिया है।














