ग्रेटर नोएडा ( आमिर खान, ग्रेनो एक्सप्रेस, संवाददाता ) । ग्रेटर नोएडा वेस्ट के शाहबेरी इलाके में शुक्रवार दोपहर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक पीवीसी पैनल बनाने वाली दुकान में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि दुकान की पहली मंजिल पर एक व्यक्ति फंस गया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुँचीं और कड़ी मशक्कत के बाद न केवल आग पर काबू पाया, बल्कि फंसे हुए व्यक्ति का सकुशल रेस्क्यू भी किया।

ग्राउंड फ्लोर से भड़की आग, ऊपर फंसी जान
घटना बिसरख थाना क्षेत्र के शाहबेरी की है। दोपहर करीब 12:00 बजे एक पीवीसी पैनल और फर्नीचर की दुकान में शॉर्ट सर्किट या अज्ञात कारणों से आग लग गई। चूंकि दुकान में भारी मात्रा में पीवीसी और लकड़ी का फर्नीचर रखा था, इसलिए आग ने पल भर में विकराल रूप धारण कर लिया।
जैसे ही ग्राउंड फ्लोर से धुएं का गुबार और आग की लपटें उठीं, आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। इसी बीच सूचना मिली कि दुकान की पहली मंजिल पर एक व्यक्ति फंसा हुआ है, जिसका नीचे उतरने का रास्ता आग के कारण पूरी तरह बंद हो चुका था।
दमकल की 3 गाड़ियों ने संभाला मोर्चा
सूचना मिलते ही पहले दमकल की एक गाड़ी मौके पर भेजी गई, लेकिन आग की तीव्रता को देखते हुए तुरंत दो और गाड़ियां बुलाई गईं। जिला दमकल अधिकारी प्रदीप कुमार ने बताया कि प्राथमिकता पहले अंदर फंसे व्यक्ति को बचाने की थी। दमकल कर्मियों ने सीढ़ी और अन्य उपकरणों की मदद से पहली मंजिल की छत तक पहुंच बनाई और वहां फंसे व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
आधे घंटे में आग पर काबू
दमकल की तीन गाड़ियों ने अलग-अलग दिशाओं से पानी की बौछार कर करीब आधे घंटे में आग को पूरी तरह बुझा दिया। गनीमत यह रही कि समय रहते रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा कर लिया गया, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। हालांकि, दुकान में रखा लाखों रुपये का फर्नीचर और पीवीसी पैनल जलकर राख हो गए।














