ग्रेटर नोएडा ( आमिर खान, ग्रेनो एक्सप्रेस, संवाददाता ) : सेंट्रल नोएडा की थाना बिसरख पुलिस ने फर्जी वीजा तैयार कर निर्दोष लोगों को विदेश भेजने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के एक मुख्य सदस्य को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से भारी मात्रा में फर्जी दस्तावेज और नकदी बरामद की है।

गौर सिटी मॉल में चल रहा था फर्जीवाड़े का खेल
पुलिस के अनुसार, आरोपी सक्षम शर्मा उर्फ बिट्टू शर्मा और उसका साथी राजीव शर्मा उर्फ सुरेंद्र, ग्रेटर नोएडा वेस्ट के गौर सिटी मॉल में ‘SKY VISA VENTURE’ नाम से एक कार्यालय चला रहे थे। ये लोग कॉलिंग और सोशल मीडिया के माध्यम से भोले-भाले लोगों से संपर्क करते थे और उन्हें फिनलैंड, पोलैंड और रूस जैसे देशों में वर्क वीजा दिलाने का झांसा देते थे।
ठगी का तरीका
जांच में सामने आया कि ये जालसाज प्रत्येक ग्राहक से 80 हजार से 1 लाख रुपये तक की फीस वसूलते थे। विश्वास जीतने के लिए वे नौकरी की गारंटी का एग्रीमेंट भी करते थे। जब ग्राहक अपने वीजा की मांग करते, तो आरोपी उन्हें व्हाट्सएप पर फर्जी तरीके से तैयार किए गए कूटरचित वीजा भेज देते थे। ग्राहकों को ठगी का अहसास तब हुआ जब संबंधित दूतावासों (Embassies) से संपर्क करने पर उनके वीजा फर्जी पाए गए।
गिरफ्तारी और बरामदगी
7 मार्च 2026 को मिली एक शिकायत के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 8 मार्च को आरोपी सक्षम शर्मा को एटीएस रोड के पास से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी के पास से पुलिस ने 8 पासपोर्ट और 24 फर्जी वीजा की फोटोकॉपी, 47,000 रुपये नगद और 03 मोबाइल फोन, ‘SKY VISA VENTURE’ के 37 लेटर पैड, 90 विजिटिंग कार्ड और फर्जी मोहरें बरामद की है ।
पूछताछ के दौरान पता चला कि आरोपी सक्षम शर्मा पहले भी मेरठ (उत्तर प्रदेश) और पानीपत (हरियाणा) में इसी तरह के धोखाधड़ी के मामलों में जेल जा चुका है। इस गिरोह ने अब तक सैकड़ों लोगों से लाखों रुपये की ठगी की बात स्वीकार की है।
फिलहाल, पुलिस फरार साथी राजीव शर्मा की तलाश में जुटी है और मामले की गहन जांच कर रही है।














