ग्रेटर नोएडा ( आमिर खान, ग्रेनो एक्सप्रेस, संवाददाता ) । ग्रेटर नोएडा वेस्ट के थाना बिसरख क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले शाहबेरी गाँव में आज उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक परचून की दुकान में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि उसने पास ही स्थित एक फूड स्टॉल और एक अन्य दुकान को भी अपनी चपेट में ले लिया। गनीमत यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है।

दरअसल घटना शाहबेरी गाँव के राधा स्वामी आश्रम, गली संख्या-1 के पास की है। चश्मदीदों के अनुसार, दोपहर के समय अचानक एक किराने की दुकान से धुआं उठते देखा गया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पास के फूड स्टॉल तक पहुँच गई। आसमान में धुएं का काला गुबार देख आसपास के निवासियों और राहगीरों में अफरा-तफरी मच गई। लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
जिसके बाद आग लगने की सूचना मिलते ही स्थानीय बिसरख पुलिस और दमकल विभाग की गाड़ियाँ तुरंत मौके पर पहुँचीं। जिसके बाद दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया। समय रहते कार्रवाई होने के कारण आग को घनी आबादी वाले अन्य हिस्सों में फैलने से रोक लिया गया।
वही पुलिस के अनुसार, शुरुआती जाँच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। हालांकि, अभी तक आग लगने के सटीक कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।














