ग्रेटर नोएडा ( आमिर खान, ग्रेनो एक्सप्रेस, संवाददाता ) : सेंट्रल नोएडा की थाना बिसरख पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। जिसमे पुलिस ने घरों और मेडिकल स्टोर में घुसकर चोरी करने वाले दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से चोरी के आभूषण, इलेक्ट्रॉनिक सामान, नकदी और अवैध हथियार बरामद किए गए हैं।
चिपियाना बुजुर्ग के पास से हुई गिरफ्तारी
मिली जानकारी के अनुसार 29 मार्च को थाना बिसरख पुलिस ने मैनुअल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए बाबू उर्फ बाबुल हुसैन और शफीकुल इस्लाम को चिपियाना बुजुर्ग के पास से धर दबोचा। पुलिस टीम ने इनके पास से दो अवैध चाकू भी बरामद किए हैं, जिनका इस्तेमाल ये वारदात के दौरान डराने या बचाव के लिए करते थे।
बंद मकान और मेडिकल स्टोर को बनाया था निशाना
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने 17 मार्च की रात ग्रीन एन्क्लेव (चिपियाना बुजुर्ग) में एक बंद मकान का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवर, डेल लैपटॉप और सैमसंग स्मार्ट टीवी चोरी किया था। इसके अलावा, इन्होंने फरवरी माह में जीटी रोड स्थित लालकुआं क्षेत्र में एक मेडिकल स्टोर का ताला तोड़कर नकदी और दवाइयां भी पार की थीं।
बरामदगी का विवरण
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी का भारी सामान बरामद किया है: जिसमे कुल ₹21,000 नगद, 3 सोने की अंगूठी, 1 जोड़ी कुंडल, और 1 नाक की बाली और 1 डेल लैपटॉप, 40 इंच की सैमसंग स्मार्ट टीवी, और 1 मोबाइल फोन आदि बरामद किया है । गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपी मूल रूप से असम के रहने वाले हैं।














