ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा के डाढ़ा गांव के 17 किसानों को छह फीसदी आबादी भूखंड मिल गये हैं। सोमवार को जेवर विधायक प्रतिनिधि सुरेश शर्मा, ओएसडी रामनयन सिंह, वरिष्ठ प्रबंधक नियोजन सुधीर कुमार, प्रबंधक प्रमोद कुमार, संदीप रावल आदि की मौजूदगी में समान आकार वाले 11 भूखंडों का ड्रा कराया गया, जबकि 6 भूखंडों का आकार भिन्न होने के कारण ड्रा कराने की जरूरत नहीं पड़ी। इन भूखंडों को किसानों के नाम सीधे आवंटन कर दिया गया। दरअसल, डाढ़ा गांव के किसानों की जमीन का अधिग्रहण करने के बाद से लंबे अर्से से छह फीसदी आवासीय भूखंड लंबित थे। इन किसानों ने भूखंड पाने के लिए प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार से भी गुहार लगाई थी। सीईओ ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को आबादी भूखंड शीघ्र देने के निर्देश दिए। नियोजन विभाग और छह फीसदी आबादी भूखंड विभाग ने आवंटन प्रक्रिया को पूरा कराया। प्राधिकरण के ओएसडी रामनयन सिंह का कहना है कि किसानों को छह फीसदी आवासीय भूखंड देना प्राधिकरण की पहली प्राथमिकता है। डाढ़ा की तरह ही अन्य गांवों के पात्र किसानों को भी आबादी के भूखंड शीघ्र आवंटित किए जाएंगे।
————-














