ग्रेटर नोएडा। केसीसी इंस्टीट्यूट, ग्रेटर नोएडा में 21 अप्रैल 2026 को दोपहर 12:00 बजे एक भव्य शास्त्रीय संगीत कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें लगभग 500 छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। यह कार्यक्रम SPIC MACAY के अंतर्गत आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य युवाओं को भारतीय शास्त्रीय संगीत और सांस्कृतिक विरासत से जोड़ना है।
कार्यक्रम की मुख्य प्रस्तुति पद्मश्री सम्मानित प्रख्यात शास्त्रीय गायिका विदुषी सुमित्रा गुहा द्वारा दी गई। उनकी मधुर और भावपूर्ण प्रस्तुति ने पूरे सभागार को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनके साथ संगत में श्री सुमन चटर्जी (तबला), श्री ललित सिसोदिया (हारमोनियम), एवं श्रीमती रीना माथुर (तानपुरा) ने उत्कृष्ट सहयोग दिया, जिससे प्रस्तुति और भी प्रभावशाली बन गई।
कार्यक्रम की शुरुआत में संस्थान की निदेशक प्रो. डॉ. भावना अग्रवाल ने अतिथियों का स्वागत एवं सम्मान किया तथा इस प्रकार के सांस्कृतिक आयोजनों के महत्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम का समन्वयन SPIC MACAY की समन्वयक श्रीमती सबा सिसोदिया द्वारा किया गया।
संगीत प्रस्तुति के दौरान विदुषी सुमित्रा गुहा ने राग वृंदावनी सारंग में “ना बोलो श्याम” और “ऐ मन रसिया” जैसी बंदिशें प्रस्तुत कीं, जिन्होंने श्रोताओं को गहराई से प्रभावित किया। इसके पश्चात उन्होंने राग शिवरंजनी में “सेवत पूजा” की प्रस्तुति दी। कार्यक्रम का समापन उन्होंने राग जोगिया पर आधारित मीरा भजन “मेहरू मन राम ही राम रटे” से किया, जिसने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
कार्यक्रम के अंत में श्रीमती सबा सिसोदिया ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए कलाकार विदुषी सुमित्रा गुहा का आभार व्यक्त किया। साथ ही उन्होंने संस्कृति विभाग, उत्तर प्रदेश तथा भातखंडे संस्कृति विश्वविद्यालय का भी इस आयोजन में सहयोग के लिए धन्यवाद दिया, साथ ही संस्थान के प्रबंधन एवं संकाय सदस्यों के प्रति भी आभार व्यक्त किया।
यह कार्यक्रम न केवल छात्रों के लिए एक सांगीतिक अनुभव रहा, बल्कि उन्हें भारतीय शास्त्रीय संगीत की गहराई, भाव और परंपरा से जोड़ने का एक सशक्त माध्यम भी सिद्ध हुआ।














