नोएडा ( आमिर खान, ग्रेनो एक्सप्रेस, संवाददाता ) । अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध जारी अभियान के क्रम में, गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। नोएडा की थाना सेक्टर-142 पुलिस ने विभिन्न मुकदमों से संबंधित हजारों लीटर अवैध शराब को पूरी तरह नष्ट कर दिया।

वर्ष 2022 से 2024 के बीच जब्त माल का निस्तारण
पुलिस के अनुसार, थाना सेक्टर-142 में वर्ष 2022 से 2024 के बीच आबकारी अधिनियम के तहत कुल 64 अभियोग मामले) दर्ज किए गए थे। इन मामलों में बरामद की गई शराब लंबे समय से मालखाने में सुरक्षित रखी गई थी। माननीय न्यायालय के आदेशानुसार इन सभी मामलों से संबंधित माल के निस्तारण की प्रक्रिया पूरी की गई।
नष्ट की गई अवैध शराब की मात्रा काफी अधिक थी, जिसे पुलिस टीम ने विशेष निगरानी में नष्ट कराया:
अंग्रेजी शराब: लगभग 3371 लीटर
बीयर: लगभग 323 लीटर
देशी शराब: लगभग 406 लीटर
जेसीबी से नष्ट कर जमीन में दबाया गया माल
विधिक प्रक्रिया का पालन करते हुए, यह पूरी कार्रवाई पुलिस उपायुक्त (सेन्ट्रल नोएडा) और अपर पुलिस उपायुक्त (सेन्ट्रल नोएडा) के निकट पर्यवेक्षण में संपन्न हुई। मौके पर सहायक पुलिस आयुक्त (सेन्ट्रल नोएडा तृतीय), थाना सेक्टर-142 के प्रभारी निरीक्षक और आबकारी निरीक्षक गौतमबुद्धनगर मौजूद रहे।
शराब की बोतलों और पव्वों को जेसीबी (JCB) के जरिए कुचलवाया गया और उसके बाद एक गहरा गड्ढा खुदवाकर उसमें दबा दिया गया। ताकि नष्ट की गई सामग्री का दोबारा किसी भी रूप में दुरुपयोग न हो सके।














