ग्रेटर नोएडा । पूर्वी दिल्ली के जगतपुरी इलाके से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां आपसी झगड़े के बाद एक पत्नी ने अपने ही पति की गला घोंटकर हत्या कर दी। जगतपुरी थाना पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए इस कत्ल की गुत्थी को महज कुछ ही घंटों के भीतर सुलझा लिया है और आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है।
दिल्ली पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान 20 वर्षीय मुस्तकीम उर्फ साहिल के रूप में हुई है, जो रशीद मार्केट इलाके में रहता था। मुस्तकीम को अपनी पत्नी 20 साल की अलीशा पर किसी गैर-मर्द से अफेयर होने का शक था। 2 जुलाई की सुबह को इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हुआ।
*मुस्तकीम ने सबूत तलाशने के लिए अलीशा का मोबाइल फोन छीन लिया, जिसके बाद बहस और ज्यादा बढ़ गई। बात इतनी बढ़ी कि मुस्तकीम ने अलीशा के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी बीच गुस्से में आकर अलीशा ने मुस्तकीम को दबोच लिया, उसके सीने पर बैठ गई और अपने ही दुपट्टे से उसका गला तब तक घोंटा जब तक कि उसकी जान नहीं निकल गई।*
वारदात को अंजाम देने के तुरंत बाद मुस्तकीम की मां कमरे में दाखिल हुई। सास को देखकर आरोपी पत्नी अलीशा मौके से फरार हो गई और पुलिस से बचने के लिए पास के एक गुरुद्वारे में जाकर छिप गई। सुबह करीब 03:52 बजे पुलिस को इस घटना की पीसीआर कॉल मिली।
डीसीपी के मुताबिक सूचना मिलते ही एएसआई हेमंत अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और बेहोश मुस्तकीम को डॉ. हेडगेवार अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
दिल्ली पुलिस ने तुरंत एक्शन लेते हुए छापेमारी की और आरोपी अलीशा को गुरुद्वारे से ढूंढ निकाला और गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किया गया दुपट्टा भी बरामद कर लिया है।
डीसीपी ने बताया कि मृतक की मां की शिकायत पर जगतपुरी थाने में नई न्याय संहिता के तहत केस दर्ज किया गया है।
शाहदरा जिले के डीसीपी राजेंद्र प्रसाद मीणा के करीबी सुपरविजन में बनी इस स्पेशल पुलिस टीम ने साइंटफिक तरीकों से क्राइम सीन की जांच की और आरोपी से कड़ाई से पूछताछ की, जिसके बाद अलीशा ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। फिलहाल पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई और सबूत जुटाने में लगी है।














