नोएडा। आयुर्वेद की विरासत से स्वस्थ जीवन की ओर बढ़ा कदम, क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी कार्यालय में पंचकर्म विभाग का शुभारंभ
सांसद डॉ. महेश शर्मा ने किया उद्घाटन, जागरूकता रैली के माध्यम से जन-जन को दिया आयुर्वेद अपनाने का संदेश

आयुर्वेद दिवस के पावन अवसर पर नोएडा के सेक्टर-39 स्थित क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी कार्यालय पर भव्य एवं गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी श्रीमती वंदना रानी के निर्देशन में किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में माननीय सांसद श्री महेश शर्मा जी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान धन्वंतरि के पूजन एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। तत्पश्चात मुख्य विकास अधिकारी श्री भालचंद्र त्रिपाठी द्वारा मुख्य अतिथि माननीय सांसद श्री महेश शर्मा जी का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।
कार्यक्रम के क्रम में माननीय सांसद श्री महेश शर्मा जी द्वारा पंचकर्म विभाग का उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर उन्होंने आयुर्वेद की महत्ता, उसकी उपयोगिता तथा स्वस्थ जीवनशैली में आयुर्वेद की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए उपस्थित जनसमुदाय को आयुर्वेद एवं आयुष चिकित्सा पद्धतियों को अपने दैनिक जीवन में अपनाने के लिए जागरूक किया।
जागरूकता रैली को दिखाई हरी झंडी
आयुर्वेद दिवस के उपलक्ष्य में जनसामान्य को आयुर्वेद के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जागरूकता रैली का भी आयोजन किया गया। रैली को माननीय सांसद श्री महेश शर्मा जी एवं मुख्य विकास अधिकारी श्री भालचंद्र त्रिपाठी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में आयुष विभाग के अधिकारियों, चिकित्सकों, कर्मचारियों एवं अन्य प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। रैली के माध्यम से आमजन को आयुर्वेद, स्वस्थ जीवनशैली एवं आयुष चिकित्सा पद्धतियों के प्रति जागरूक होने का संदेश दिया गया।
आयुर्वेद दिवस के अवसर पर क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी कार्यालय में पंचकर्म विभाग का शुभारंभ माननीय सांसद डॉ महेश शर्मा जी के कर-कमलों द्वारा फीता काटकर किया गया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी श्री भालचंद्र त्रिपाठी, क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ बंदना रानी , वैद्य श्री अच्युत त्रिपाठी, आयुर्वेदिक चिकित्साधिकारी डॉ दीपिका त्यागी सहित आयुष विभाग के अधिकारी, चिकित्सक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर माननीय सांसद श्री महेश शर्मा जी को स्मृति-चिह्न (मेमेंटो) भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों एवं प्रतिभागियों ने आयुर्वेद को जन-जन तक पहुँचाने तथा स्वस्थ समाज के निर्माण में आयुष पद्धतियों की भूमिका को सुदृढ़ करने का संकल्प लिया।
पंचकर्म विभाग का शुभारंभ क्षेत्रवासियों को आयुर्वेद की पारंपरिक चिकित्सा पद्धति के माध्यम से बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
कार्यक्रम के दौरान वैद्य श्री अच्युत त्रिपाठी सहित आयुष विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में आमजन ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया और आयुर्वेद दिवस के आयोजन को सफल बनाने में अपनी सहभागिता सुनिश्चित की।
कार्यक्रम का उद्देश्य आयुर्वेद की प्राचीन एवं समृद्ध चिकित्सा परंपरा के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना, आयुर्वेदिक चिकित्सा सेवाओं को जनसामान्य तक पहुँचाना तथा स्वस्थ जीवनशैली के प्रति लोगों को प्रेरित करना रहा।














