ग्रेटर नोएडा ( आमिर खान, ग्रेनो एक्सप्रेस, संवाददाता ) । ग्रेटर नोएडा की नॉलेज पार्क कोतवाली पुलिस ने शराब के लिए पैसे मांगने को लेकर हुए विवाद में अपने ही बेटे की गैर इरादतन हत्या करने वाले फरार आरोपी पिता को शुक्रवार रात्रि को करीब एक महीने बाद गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान 47 वर्षीय देवेंद्र के रूप में हुई है।

वह मूलरूप से बदायूं जिले के बिल्सी थाना क्षेत्र के ग्राम गडौली का रहने वाला है और वर्तमान में तुगलपुर गांव में रह रहा था। उसके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त बांस का डंडा भी बरामद किया गया है। थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि 20 जून 2026 को तुगलपुर में रहने वाली एक महिला का पति देवेंद्र शराब के नशे में घर पहुंचा और बेटे करण से शराब पीने के लिए पैसे मांगने लगा।करण (25) ने पैसे देने से इनकार कर दिया, जिसके बाद दोनों के बीच कहासुनी और विवाद हो गया था। उस समय मामला शांत हो गया, लेकिन अगले दिन 21 जून की सुबह करीब पांच बजे देवेंद्र दोबारा घर पहुंचा और फिर से झगड़ा शुरू कर दिया था। आरोप है कि गुस्से में आकर देवेंद्र ने घर में रखा बांस का डंडा उठाकर करण के सिर पर जोरदार वार कर दिया था। हमले में करण गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के तुरंत बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था। परिजन घायल करण को इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसका उपचार शुरू किया। हालांकि सिर में गंभीर चोट लगने के कारण 22 जून को उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।करण की मौत के बाद उसकी मां की तहरीर पर पुलिस ने गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने स्थानीय मुखबिरों के साथ-साथ इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से आरोपी की तलाश शुरू की।शुक्रवार को पुलिस ने आरोपी देवेंद्र को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया बांस का डंडा भी बरामद कर लिया गया है।














