ग्रेटर नोएडा । ग्रेटर नोएडा की थाना बादलपुर पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टीम ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अंतर्राज्यीय गांजा तस्कर गैंग का पर्दाफाश किया है और मौके से 3 शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 165 किलो 700 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ रुपये आंकी गई है।

पुलिस के अनुसार लोकल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर थाना बादलपुर पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टीम ने कूड़ी खेड़ा मोड़ के पास (दादरी से लालकुआँ जाने वाली सड़क पर) घेराबंदी कर तीनों तस्करों को दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दिनेश पुत्र जय नाथ पाल जोकि गैंग का सरगना है वही उसके अन्य साथी समीर कुमार पुत्र केशो मंडल और रवि कुमार साहनी पुत्र मनोज साहनी के रूप में हुई है।
पुलिस द्वारा जांच में सामने आया है कि ये शातिर अपराधी लंबे समय से अवैध तस्करी में सक्रिय हैं। अभियुक्त रवि ओडिशा के भुवनेश्वर से ट्रक में विशेष रूप से तैयार की गई गुप्त कैविटी (छिपा हुआ स्थान) के जरिए गांजा लेकर आता था। इस गुप्त कैविटी को गिर सरगना दिनेश पाल ने पुलिस चेकिंग से बचने के लिए करीब 2 महीने पहले ही ट्रक में बनवाया था।
भुवनेश्वर से गांजा लाने के बाद दिनेश पाल और समीर कुमार इसे दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में थोक और फुटकर दामों पर बेचकर अवैध मुनाफा कमाते थे। सरगना दिनेश पाल का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है वह वर्ष 2021 में ढाई क्विंटल गांजे की बरामदगी के एक मामले में करीब 15 महीने जेल की सजा भी काट चुका है। पुलिस अब इस गैंग के अन्य संपर्कों और नेटवर्क की गहराई से छानबीन कर रही है।














