ग्रेटर नोएडा ( आमिर खान, ग्रेनो एक्सप्रेस, संवाददाता ) । बैंक ऑफ बड़ौदा ने शनिवार को अपना 118वां स्थापना दिवस ग्रेटर नोएडा की सूरजपुर शाखा में बड़े उत्साह और विशेष कार्यक्रमों के साथ मनाया गया। इस अवसर पर शाखा को आकर्षक रूप से सजाया गया था, जो उत्सव के माहौल को और भी बढ़ा रहा था।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि गौतम बुद्ध नगर के अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) मंगलेश दुबे रहे, जिनकी उपस्थिति ने समारोह की गरिमा बढ़ाई। शाखा प्रबंधक आदित्य जायसवाल ने उपस्थित ग्राहकों और अतिथियों को बैंक के गौरवशाली इतिहास से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि महाराजा सयाजीराव गायकवाड़ III ने 20 जुलाई, 1908 को गुजरात के बड़ौदा शहर में बैंक की स्थापना की थी। आज बैंक ऑफ बड़ौदा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी विश्वसनीय सेवाओं के लिए विख्यात है।
इस विशेष कार्यक्रम में बैंक के सभी ग्राहकों का सम्मान किया गया। इस अवसर पर डिजिटल बैंकिंग के महत्व और मुख्यमंत्री युवा ऋण (CM Yuva Loan) योजना के बारे में जानकारी दी गई। शाखा प्रबंधक ने प्राथमिकता क्षेत्र ऋण (Priority Sector Lending – PSL) पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने समझाया कि भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) द्वारा निर्धारित यह प्रावधान बैंकों को अपने कुल ऋण का एक निश्चित प्रतिशत कृषि, सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम (MSMEs), शिक्षा, आवास, सामाजिक अवसंरचना और नवीकरणीय ऊर्जा जैसे विशिष्ट क्षेत्रों को आवंटित करने के लिए बाध्य करता है। यह पहल देश के विकास में योगदान देने और वित्तीय समावेशन को बढ़ावा देने में बैंकों की महत्वपूर्ण भूमिका को दर्शाती है।
इस कार्यक्रम में मंगलेश दुबे, आदित्य जायसवाल, संदीप शर्मा (प्रबंधक), विपिन कुमार (ऑफिसर), सत्येंद्र सिंह (ऑफिसर) सहित बड़ी संख्या में ग्राहक भी मौजूद रहे, जिन्होंने मिलकर बैंक के इस ऐतिहासिक दिन को यादगार बनाया।














