ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी में जनगणना 2027 हेतु जनपद के लिए नामित 72 फील्ड ट्रेनर्स के तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इस प्रशिक्षण में फील्ड ट्रेनर्स को जनगणना से संबंधित अवधारणाओं, क्रियाविधियों, नियमों और डिजिटल टूल्स का विस्तृत प्रशिक्षण दिया जाएगा। साथ ही उन्हें जनगणना में उपयोग होने वाले मोबाइल एप और पोर्टल पर व्यावहारिक अभ्यास भी कराया जाएगा।

प्रशिक्षण पूर्ण होने के बाद यही फील्ड ट्रेनर्स अप्रैल माह में जनपद की विभिन्न तहसीलों, नगरीय निकायों और औद्योगिक प्राधिकरणों में कार्यरत प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षण प्रदान करेंगे, जिससे जनगणना कार्य सुचारु रूप से संचालित हो सके।
जनगणना-2027 दो चरणों में संपन्न कराई जाएगी। पहले चरण में 22 मई से 20 जून 2026 के बीच ‘मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना’ का कार्य किया जाएगा। वहीं दूसरे चरण में 9 से 28 फरवरी 2027 के बीच ‘जनसंख्या की वास्तविक गणना’ पूरी की जाएगी।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रतिभागियों को प्रशिक्षण मास्टर ट्रेनर शशांक शर्मा, भूपिंदर सिंह एवं जनगणना कार्य निदेशालय, उत्तर प्रदेश से नामित जिला प्रभारी प्रदीप कुमार और उत्कर्ष पांडेय द्वारा प्रदान किया जा रहा है। जिलाधिकारी कार्यालय से अरविंद शर्मा, प्रशासनिक अधिकारी प्रशिक्षण में व्यवस्थापक के रूप में मौजूद रहे।














