ग्रेटर नोएडा ( आमिर खान, ग्रेनो एक्सप्रेस, संवाददाता ) । ग्रेटर नोएडा के बीटा-2 थाना क्षेत्र से एक बेहद हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहाँ सेक्टर P-3 स्थित ‘के.बी. हेल्थकेयर सेंटर’ में MRI जांच कराने आए एक छह वर्षीय मासूम बच्चे की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने स्वास्थ्य केंद्र के स्टाफ पर लापरवाही और गलत इंजेक्शन (हेवी डोज) देने का गंभीर आरोप लगाया है। घटना के बाद इलाके में भारी तनाव है और पुलिस ने मामले में दो लोगों को हिरासत में लिया है।


क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, दनकौर थाना क्षेत्र के रीलखा गांव निवासी प्रशांत कसाना अपने छह वर्षीय बेटे गर्व कसाना (उर्फ चीकू) की MRI जांच कराने के लिए ग्रेटर नोएडा में के.बी. हेल्थकेयर सेंटर पहुंचे थे। परिजनों का आरोप है कि जांच प्रक्रिया शुरू होने से पहले बच्चे को एक इंजेक्शन दिया गया। इंजेक्शन लगने के कुछ ही देर बाद बच्चे की तबीयत बिगड़ने लगी और वह बेहोश हो गया।
परिजनों का दावा है कि जब उन्होंने बच्चे की स्थिति के बारे में पूछा, तो उन्हें कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया गया, बल्कि एक और डोज देने की बात कही गई। हालत बिगड़ती देख परिजन बच्चे को लेकर तुरंत पास के प्रमेक्स अस्पताल पहुंचे, जहाँ डॉक्टरों ने उसे ‘मृत घोषित’ कर दिया।

भारी हंगामा और प्रदर्शन
मासूम की मौत की खबर फैलते ही परिवार में कोहराम मच गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण और भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ता मौके पर जमा हो गए। प्रदर्शनकारियों ने हेल्थकेयर सेंटर के प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और सेंटर पर ताला जड़ दिया। किसानों और परिजनों की मांग है कि सेंटर के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाए।

पुलिस की कार्रवाई
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए भारी पुलिस बल मौके पर तैनात कर दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को शांत कराया और निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया। पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए सेंटर से जुड़े दो लोगों को हिरासत में लिया है।














