ग्रेटर नोएडा ( आमिर खान, ग्रेनो एक्सप्रेस, संवाददाता ) । सेंट्रल नोएडा की सूरजपुर थाना पुलिस ने शनिवार को एक सराहनीय कार्य करते हुए घर के बाहर से लापता हुए चार मासूम बच्चों को महज कुछ ही घंटों में सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने बच्चों को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया है, जिसके बाद परिजनों की आंखों में खुशी के आंसू छलक आए और सुरजपुर थाना क्षेत्र के कस्बा चौकी इंचार्ज कपिल कुमार पांडे की पूरी टीम का धन्यवाद किया।

खेलते-खेलते लापता हो गए थे चार मासूम
पुलिस द्वारा मिली जानकारी के अनुसार शनिवार को थाना सूरजपुर क्षेत्र के अंतर्गत कस्बा सूरजपुर से चार बच्चे खेलते-खेलते अचानक लापता हो गए। गायब हुए बच्चों की उम्र क्रमशः 8 वर्ष, 8 वर्ष, 6 वर्ष और मात्र 3.5 वर्ष थी। बच्चों के अचानक गायब होने से परिजनों में हड़कंप मच गया। उन्होंने अपने स्तर पर बच्चों की काफी खोजबीन की, लेकिन जब उनका कहीं सुराग नहीं लगा, तो बदहवास परिजन तुरंत सूरजपुर थाने पहुंचे और पुलिस को मामले की सूचना दी।
CCTV फुटेज और पुलिस की मुस्तैदी आई काम
मासूम बच्चों के गायब होने की सूचना मिलते ही सूरजपुर थाना पुलिस तुरंत एक्शन में आ गई। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने बिना समय गंवाए बच्चों की तलाश के लिए तत्काल विशेष टीमों का गठन किया।
पुलिस टीमों ने सबसे पहले उस इलाके और आसपास के सभी रास्तों पर लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज को खंगालना शुरू किया। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तिलपता क्षेत्र से चारों बच्चों को सकुशल बरामद कर लिया।
सूरजपुर पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद चारों बच्चों को सुरक्षित उनके माता-पिता के सुपुर्द कर दिया। अपने जिगर के टुकड़ों को सही-सलामत वापस पाकर परिजनों ने सूरजपुर थाना पुलिस और कस्बा चौकी इंचार्ज कपिल कुमार पांडे की तत्परता और कार्यशैली की जमकर सराहना की और पूरी टीम का दिल से आभार व्यक्त किया।














