ग्रेटर नोएडा: औद्योगिक हब के रूप में पहचाने जाने वाले ग्रेटर नोएडा के साइट-4 इलाके में बुधवार शाम एक पेंट फैक्ट्री में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग इतनी विकराल थी कि देखते ही देखते पूरी फैक्ट्री धुएं के काले गुबार में समा गई। गनीमत रही कि हादसे के समय फैक्ट्री में मौजूद कर्मचारी सुरक्षित बाहर निकल आए, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना बीटा-2 थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली डी-79 कलरटैक्स पालीमार्क्स कंपनी में हुई। इस कंपनी में पेंट और उससे जुड़े केमिकल बनाने का काम किया जाता है। दमकल विभाग को शाम करीब 4:01 बजे आग लगने की सूचना मिली, जिसके तुरंत बाद राहत कार्य शुरू किया गया।
शुरुआत में दमकल की दो गाड़ियां मौके पर भेजी गई थीं, लेकिन फैक्ट्री में भारी मात्रा में थिनर और अन्य ज्वलनशील पदार्थ मौजूद होने के कारण आग ने तेजी से रौद्र रूप धारण कर लिया। कुछ ही मिनटों में आग की लपटें छत को चीरते हुए बाहर निकलने लगीं और आसमान में धुएं का गुबार कई किलोमीटर दूर से दिखाई देने लगा।
स्थिति की गंभीरता और आसपास की फैक्ट्रियों में आग फैलने के खतरे को देखते हुए दमकल की अतिरिक्त गाड़ियां बुलाई गईं। कुल आधा दर्जन (6) दमकल की गाड़ियों ने मोर्चा संभाला। दमकल कर्मियों ने करीब 45 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद आग की लपटों पर काबू पाया और उसे शांत किया।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी के अनुसार, इस अग्निकांड में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है और सभी लोग सुरक्षित हैं। हालांकि, आग की वजह से कंपनी के भीतर रखा लाखों रुपये का कच्चा और तैयार माल जलकर पूरी तरह राख हो गया है। फैक्ट्री की मशीनरी को भी भारी नुकसान पहुंचने की आशंका है। फिलहाल विभाग आग लगने के सटीक कारणों की जांच कर रहा है, ताकि स्पष्ट हो सके कि यह शॉर्ट सर्किट से लगी या किसी अन्य लापरवाही की वजह से।














