नोएडा । पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर की थाना सेक्टर-63 पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने कंपनी का माल गबन कर फरार होने वाले एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से पुलिस ने चोरी और गबन किया गया लगभग 15 लाख रुपये का कीमती सामान बरामद किया है, जिसमें बड़ी मात्रा में धागे और थ्रेड कटर शामिल हैं।
विश्वासघात कर किया 300 पेटी माल गायब
पकड़े गए आरोपी की पहचान धीरज सक्सेना पुत्र राकेश सक्सेना के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, धीरज सेक्टर-63 स्थित एक कंपनी में फील्ड यूनिट के पद पर कार्यरत था। उसका मुख्य कार्य ऑर्डर मिलने पर माल की सुरक्षित सप्लाई करना था।
बीती 4 जनवरी 2026 को धीरज फैक्ट्री से माल लेकर सप्लाई के लिए निकला था, लेकिन उसने गंतव्य तक माल पहुँचाने के बजाय करीब 300 पेटी सामान का गबन कर लिया और फरार हो गया। कंपनी मालिक की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी थी।
मिली जानकारी के अनुसार थाना सेक्टर-63 पुलिस ने मैनुअल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से आरोपी की घेराबंदी की। मंगलवार (12 जनवरी) को पुलिस टीम ने पुस्ता मोड, न्यू उस्मानपुर के पास से धीरज सक्सेना को धर दबोचा। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार करते हुए बताया कि उसने मालिक का भरोसा जीतने के बाद लालच में आकर इस घटना को अंजाम दिया था। उसने गबन किया हुआ सामान एक कबाड़ी को बेच दिया था, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर भारी मात्रा में सामान बरामद किया है, जिसकी बाजार में अनुमानित कीमत 15 लाख रुपये बताई जा रही है। बरामद सामान में शामिल हैं:
* 16 बोरे व 116 पेटियाँ: भिन्न-भिन्न आर्टिकल नंबरों के धागे।
* 3236 बॉक्स: छोटे पैक में धागे।
* 06 पेटियाँ: थ्रेड कटर।
* 03 पारदर्शी पैकेट: रंगीन धागे।














