ग्रेटर नोएडा । सूरजपुर स्थित श्री आदर्श रामलीला में 25 सितंबर 2025 को भगवान राम के जीवन चरित्र पर आधारित कई महत्वपूर्ण प्रसंगों का मनमोहक मंचन किया गया। रामलीला में मिथिला में विश्वामित्र जी का राजा जनक द्वारा स्वागत, नगर भ्रमण, पुष्पवाटिका में राम-जानकी मिलन, सीता स्वयंवर और लक्ष्मण-परशुराम संवाद जैसे दृश्यों ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के पूर्व उप मुख्यमंत्री, माननीय श्री दिनेश शर्मा जी, ने मुख्य अतिथि के रूप में मंच पर शिरकत की। उन्होंने रामलीला के मंचन की सराहना करते हुए कहा कि भगवान राम के आदर्श हमें प्रेम और त्याग की शिक्षा देते हैं। उन्होंने राम के राज्याभिषेक की तैयारी के समय उन्हें वनवास और भाई भरत को राज मिलने के प्रसंग का उल्लेख करते हुए कहा कि, “भरत ने राज-काज को महल के बजाय एक कुटिया में रहकर संचालित किया, जो भाई-भाई के प्रेम और त्याग का अनुपम उदाहरण है।”
आदर्श रामलीला कमेटी के अध्यक्ष, सतवीर सिंह भाटी ने बताया कि रामलीला के सभी कलाकार अपने अभिनय से दर्शकों का मन मोह लेते हैं। कमेटी के महामंत्री ने जानकारी दी कि रामलीला मंचन के साथ-साथ यहाँ विजय महोत्सव मेला भी चल रहा है, जो क्षेत्र के लोगों के लिए शॉपिंग, खिलौने, कपड़े, मिठाई और विभिन्न व्यंजनों की दुकानों के साथ-साथ झूलों की वजह से आकर्षण का मुख्य केंद्र बना हुआ है। कमेटी कार्यकर्ता दर्शकों के लिए पार्किंग की समुचित व्यवस्था भी संभाल रहे हैं।
इस भव्य मंचन को देखने के लिए दादरी विधायक मास्टर तेजपाल नागर जी, भाजपा जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा सहित राजवीर भाटी, सुनील चावड़ा, धर्मपाल प्रधान, मूलचंद शर्मा, भूदेव शर्मा, लक्ष्मण सिंघल, रघुवीर जेसीबी वाले, विनोद पंडित, सुभाष शर्मा, कर्मवीर आर्य, बिजेन्द्र मुद्गल, डॉक्टर ओमप्रकाश शर्मा, अनिल भाटी, भगत सिंह आर्य, सचिन जिन्दल, बीरपाल भगत जी समेत सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ हजारों की संख्या में दर्शक उपस्थित रहे।














