ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा के सुपरटेक सीजार टेनिस कोर्ट परिसर में इंडिपेंडेंट कप लीजेंड्स क्रिकेट टूर्नामेंट का शानदार आयोजन किया गया। टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में टीम स्ट्रेंजर ने 48 रन से लीजेंड्स वारियर्स को हरा कर जीत दर्ज की। मुकाबले में अतुल सिंह राजपूत ने बैटिंग के साथ ही बॉलिंग में भी शानदार प्रदर्शन किया। मुकाबले में 25 रन की पारी और दो ओवर में एक मेडन और दो विकेट लेने के लिए प्लेयर आफ द मैच का पुरस्कार दिया गया। लोगों ने तालियां बजाकर उनका उत्साहवर्धन किया। फाइनल मुकाबले में बड़ी संख्या में लोगों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।

एक तरफा मुकाबला
मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम स्ट्रेंजर ने 8 ओवर में 3 विकेट खोकर 103 रन बनाए। टीम की ओर से सौरभ अग्रवाल ने 36, बिन्नी ने 26 और अतुल सिंह राजपूत ने 25 रन की पारी खेली। जवाब में रनों का पीछा करने उतरी लीजेंड्स वारियर्स की टीम 55 रन ही बना सकी। टीम की ओर से दिलीप सिंह ने सर्वाधिक 31 रन की पारी खेली। अतुल व सुनील ने दो-दो विकेट लिए। प्रतियोगिता के समापन पर केबी सेंट्रल अवोरा ग्रुप के आयुष गुप्ता, संतोष गौतम,आशुतोष शर्मा व ग्रुप के निदेशक एवं सह-संस्थापक नवीन जिंदल ने खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया। अतुल सिंह को टूर्नामेंट का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी और बिन्नी को मास्टर ब्लास्टर का पुरस्कार दिया गया।














