ग्रेटर नोएडा । थाना बिसरख पुलिस ने आज सुबह रोजा याकूबपुर के पास 6 प्रतिशत खाली प्लॉट के निकट चेकिंग के दौरान एक मुठभेड़ में हत्या के प्रयास के एक वांछित बदमाश को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, रेलवे पुल की तरफ से आ रहे एक मोटरसाइकिल सवार व्यक्ति को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन उसने रुकने की बजाय मोटरसाइकिल मोड़कर 6 प्रतिशत प्लॉट एरिया के अंदर भागने का प्रयास किया। संदेह होने पर पुलिस बल ने पीछा किया, जिस पर मोटरसाइकिल सवार व्यक्ति ने पुलिस पर जान से मारने की नीयत से गोली चला दी।
आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल हो गया। घायल बदमाश की पहचान सोनू पुत्र संतोष, निवासी ग्राम शोभा का नंगला, थाना चंडौस, जिला अलीगढ़, उम्र लगभग 22 वर्ष के रूप में हुई है।
पूछताछ में पता चला कि सोनू थाना बिसरख में दर्ज हत्या के प्रयास के एक मामले में वांछित था। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया एक तमंचा .315 बोर, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी सोनू के खिलाफ पहले से ही दो आपराधिक मामले थाना चंडौस, जिला अलीगढ़ में दर्ज हैं।
घायल आरोपी सोनू को उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस उसके आपराधिक इतिहास और अन्य संभावित संलिप्तताओं के बारे में विस्तृत जानकारी जुटा रही है।














