ग्रेटर नोएडा । थाना ईकोटेक-3 पुलिस और 25,000 रुपये के इनामी बदमाश राजेश उर्फ मुकेश के बीच आज सुबह मुठभेड़ हुई। मुठभेड़ में बदमाश घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने बदमाश के कब्जे से एक अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया है।
थाना ईकोटेक-3 पुलिस को आज सुबह सूचना मिली कि ग्राम कुलेसरा में हॉस्पिटल के पास हुई हत्या के मामले में वांछित 25,000 रुपये का इनामी बदमाश राजेश उर्फ मुकेश ककराला पुस्ता रोड के पास आया हुआ है। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही बदमाश ने फायरिंग कर दी और भागने की कोशिश की। जवाबी कार्रवाई में बदमाश घायल हो गया।
बदमाश राजेश उर्फ मुकेश पर 8 दिसंबर 2024 को अपने साथी ईश्वर चंद उर्फ रिंकू के साथ मिलकर एसक्लेपियस अस्पताल कुलेसरा के पास सुखराम नामक व्यक्ति की धारदार हथियार से हत्या करने का आरोप है। पुलिस ने ईश्वर चंद को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। राजेश तभी से फरार चल रहा था और उस पर 25,000 रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
पुलिस ने बदमाश के खिलाफ धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और बदमाश से पूछताछ कर रही है।














