ग्रेटर नोएडा। सूरजपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत कस्बा चौकी पुलिस ने मानवीय संवेदना और त्वरित कार्यशैली का परिचय देते हुए घर से लापता हुए तीन मासूम बच्चों को महज पांच घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की स्थानीय लोगों द्वारा जमकर सराहना की जा रही है।

मिली जानकारी के अनुसार मामला ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर कस्बे का है। मंगलवार की सुबह दिन निकलते ही तीन बच्चे (जिनकी उम्र क्रमशः 4 वर्ष, 5 वर्ष और 7 वर्ष है) घर से बिना किसी को कुछ बताए कहीं चले गए थे। काफी देर तक जब बच्चे घर नहीं लौटे, तो घबराए परिजनों ने आसपास तलाश की। बच्चों का कोई सुराग न मिलने पर माता-पिता ने तत्काल सूरजपुर कस्बा चौकी पहुंचकर पुलिस को मामले की सूचना दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सूरजपुर कस्बा चौकी इंचार्ज राधेश सक्सेना ने बिना समय गंवाए पुलिस टीम के साथ बच्चों की खोजबीन शुरू कर दी। पुलिस ने तत्काल आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की और स्थानीय स्तर पर तलाश तेज की।
कड़ी मशक्कत और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से सूरजपुर थाना पुलिस ने महज 5 घंटे के भीतर तीनों बच्चों को सकुशल खोज निकाला। बच्चों के सही-सलामत मिलने पर पुलिस ने उन्हें उनके माता-पिता से मिलवाया। अपने जिगर के टुकड़ों को सकुशल पाकर परिजनों की आंखें भर आईं और उन्होंने सूरजपुर पुलिस व चौकी इंचार्ज राधेश सक्सेना का आभार व्यक्त किया।














