ग्रेटर नोएडा। दादरी विधानसभा के ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित ग्राम शाहवेरी में 7 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित आधुनिक विद्युत उपकेंद्र का लोकार्पण किया गया। दादरी विधायक तेजपाल नागर ने इसका उद्घाटन किया, जिससे क्षेत्र के हजारों उपभोक्ताओं को बेहतर बिजली आपूर्ति का लाभ मिलेगा।

यह नवीन विद्युत उपकेंद्र विद्युत व्यवस्था को सुदृढ़ और आधुनिक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इसमें 2×10 MVA क्षमता के ट्रांसफार्मर लगाए गए हैं, जो क्षेत्र में बढ़ती विद्युत मांग को पूरा करने में सहायक होंगे।
इस परियोजना से शाहवेरी, क्रॉसिंग रिपब्लिक, गौर सिटी, पंचशील ग्रीन, सेक्टर-1, सेक्टर-12, सुपरटेक इको विलेज, आम्रपाली, रोजा जलालपुर और आसपास के कई आवासीय तथा व्यावसायिक क्षेत्रों को सीधा लाभ मिलेगा।
उपकेंद्र के शुरू होने से लंबे समय से चली आ रही लो-वोल्टेज, ओवरलोडिंग, बार-बार बिजली बाधित होने और ट्रिपिंग जैसी समस्याओं में सुधार होगा। यह परियोजना गर्मी के मौसम में उपभोक्ताओं को निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक तेजपाल नागर ने कहा कि प्रदेश सरकार और जनप्रतिनिधियों की प्राथमिकता आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करना है। उन्होंने बताया कि विद्युत व्यवस्था को आधुनिक और सक्षम बनाने के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं, ताकि आम जनता को बेहतर जीवन सुविधाएं मिल सकें।
उपस्थित क्षेत्रवासियों ने इस महत्वपूर्ण परियोजना पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि नए विद्युत उपकेंद्र से क्षेत्र की बिजली व्यवस्था में ऐतिहासिक सुधार होगा और भविष्य में बढ़ती आबादी की आवश्यकताओं को भी आसानी से पूरा किया जा सकेगा।














