ग्रेटर नोएडा/दनकौर । ग्रेटर नोएडा की दनकौर थाना पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए पशु व्यापारी मोहम्मद की हत्या का सफल अनावरण किया है। पुलिस ने मामले में एक आरोपी अवनीश नागर को गिरफ्तार किया है, जिसके कब्जे और निशानदेही से हत्या में प्रयुक्त हथियार और मृतक से संबंधित सामान बरामद हुआ है।
यह मामला तब सामने आया जब 23 सितम्बर को दनकौर थाने क्षेत्र में मोहम्मद के भाई द्वारा उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी। मोहम्मद, जो एक पशु व्यापारी था, ₹70,000/- लेकर पशु खरीदने के लिए घर से निकला था लेकिन वापस नहीं लौटा। बाद में पुलिस को जंगल में मोहम्मद का शव मिला, जिसके बाद गुमशुदगी की रिपोर्ट को हत्या के मामले में परिवर्तित कर दिया गया।
दनकौर पुलिस ने घटना के खुलासे के लिए तत्काल एक टीम गठित की। जिसके बाद रविवार को मैनुअल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर, दनकौर पुलिस ने अभियुक्त अवनीश नागर पुत्र धनपाल को ग्राम अमरपुर के पास से गिरफ्तार कर लिया। अवनीश नागर, जिसकी उम्र करीब 28 वर्ष है और वह ग्राम अमरपुर, थाना ईकोटेक प्रथम का निवासी है, ने पूछताछ में अपना जुर्म कबूल किया।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही से घटना में प्रयुक्त 1 छुरी, मृतक का 1 जूता, मृतक का टूटा हुआ 1 मोबाइल फोन, पशु बाँधने की रस्सी और मृतक के पास से लूटे गए ₹45,000/- बरामद किए हैं।














