ग्रेटर नोएडा ( आमिर खान, ग्रेनो एक्सप्रेस, संवाददाता ) । ग्रेटर नोएडा की थाना बादलपुर पुलिस को एक महत्वपूर्ण सफलता हाथ लगी है। जिसमे पुलिस ने घरों में चोरी करने और दोपहिया वाहन उड़ाने वाले एक अंतर्राज्यीय गिरोह के सक्रिय सदस्य को गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया आरोपी दिन में डिलीवरी बॉय का काम करता था और रात में चोरी की वारदातों को अंजाम देता था।

दरअसल थाना बादलपुर पुलिस की टीम मंगलवार को सादुल्लापुर रेलवे फाटक के पास संदिग्धों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने अच्छेजा गांव की तरफ जाने वाले रास्ते पर घेराबंदी की और आरोपी दीपांशु (उम्र 21 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि, अंधेरे का फायदा उठाकर उसके दो अन्य साथी मौके से फरार होने में सफल रहे, जिनकी तलाश में पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
पुलिस पूछताछ में आरोपी दीपांशु ने चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। वह मूल रूप से अलीगढ़ का रहने वाला है और नोएडा के सेक्टर-110 स्थित श्रमिक कुंज में रह रहा था। वह नोएडा में ‘लेंसकार्ट’ कंपनी में डिलीवरी बॉय के रूप में काम करता था। डिलीवरी देने के बहाने वह विभिन्न सोसायटियों और मोहल्लों में घूमकर बंद पड़े घरों और पार्किंग में खड़े वाहनों की रेकी करता था। इसके बाद वह अपने साथियों के साथ मिलकर उन घरों को निशाना बनाता था।
चोरी की बाइक और औजार बरामद
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी का काफी सामान बरामद किया है। जिसमे 20,000 रुपये नगद, एक डोमिनार बाइक और एक अपाचे बाइक और एक म्यूजिक सिस्टम और एक पिट्टू बेग बरामद किए है।
वही आरोपी के कब्जे से चोरी के उपकरण ताले तोड़ने और गाड़ी खोलने के उपकरण जैसे प्लास, पाइप रिंच, पेचकस, टॉर्च और दो टी-टाइप ‘एलन-की’ भी मिले हैं।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार असरोपि दीपांशु का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। वर्तमान में उसके विरुद्ध थाना बादलपुर और थाना ईकोटेक-3 में विभिन्न धाराओं के तहत तीन मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने बताया कि आरोपी केवल 10वीं पास है लेकिन तकनीकी रूप से वाहनों के लॉक तोड़ने में माहिर है।
थाना प्रभारी ने बताया कि फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए टीमों का गठन कर दिया गया है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा। फिलहाल गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।














