ग्रेटर नोएडा। पिता ने संपत्ति विवाद में अपने इकलौते 13 वर्षीय बेटे की गला दबाकर की हत्याग्रेटर नोएडा के कासना थाना क्षेत्र के सिरसा गांव में एक पिता ने संपत्ति विवाद में अपने परिवार को फंसाने के लिए अपने इकलौते 13 वर्षीय बेटे की गला दबाकर हत्या कर दी। पुलिस ने इस मामले का खुलासा करते हुए आरोपी पिता को हिरासत में ले लिया है। गुरुवार को कासना थाने में एक 13 वर्षीय लड़के के लापता होने की सूचना मिली थी। इस सूचना पर तत्काल एफआईआर दर्ज कर पुलिस टीम का गठन किया गया। सीसीटीवी फुटेज और आसपास के बच्चों से पूछताछ में पता चला कि लड़का अपने पिता के साथ कार में गया था। पुलिस टीम ने जब लड़के के पिता से गहन पूछताछ की, तो उसने बताया कि उसने अपने बेटे को गुलिस्तानपुर गांव में एक दोस्त के पास रखा है। हालांकि, वह लगातार पुलिस को गुमराह करता रहा। देर शाम कासना थाने को सूचना मिली कि लापता लड़के का शव सिरसा गांव में 6 परसेंट कॉलोनी के पास एक तालाब में मिला है। सूचना मिलते ही पुलिस के उच्चाधिकारी मौके पर पहुंचे। जांच में खुलासा हुआ कि मृतक लड़के के पिता ने संपत्ति विवाद में अपने परिवार के अन्य सदस्यों को फंसाने की नीयत से अपने ही बेटे की हत्या की थी। पुलिस सभी बिंदुओं पर गहनता से जांच कर रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। आरोपी पिता को हिरासत में ले लिया गया है और आगे की विधिक कार्यवाही जारी है।














