ग्रेटर नोएडा । गौतम बुद्ध नगर में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने जिलाधिकारी के निर्देश पर ठंडे और पेय पदार्थों के खिलाफ विशेष अभियान छेड़ रखा है। इसी कड़ी में 27 मई 2025 को भी ताबड़तोड़ छापेमारी जारी रही।
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी वीरेंद्र द्विवेदी के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने कासना स्थित K-300, साइट 5 पर गुप्ता इंटरप्राइजेज के पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर प्लांट पर छापा मारा। यह प्लांट बिना खाद्य लाइसेंस के अवैध रूप से संचालित हो रहा था और ‘बिल्सेरी’ ब्रांड के नाम से 1 लीटर की बोतलें पैक कर रहा था। मौके से 6252 बोतलें जब्त की गईं, जिनमें से एक नमूना जांच के लिए भेजा गया और शेष 6236 बोतलें सीज कर दी गईं। प्लांट के संचालन पर रोक लगा दी गई है।
इसी टीम ने A 2/88, साइट 5, कासना इंडस्ट्रियल एरिया स्थित पैरामेट्रो वासर टेक्नोलॉजी प्राइवेट लिमिटेड पर भी छापा मारा। यह प्लांट भी अवैध रूप से संचालित हो रहा था और ‘ब्लेसरी’ ब्रांड के नाम से 1 लीटर की बोतलें पैक कर रहा था। यहां से 6856 बोतलें मिलीं, जिनमें से एक नमूना जांच के लिए लिया गया और बाकी 6840 बोतलें सीज कर दी गईं। इस प्लांट का संचालन भी विधिक औपचारिकताएं पूरी होने तक रोक दिया गया है। सभी नमूने प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजे जा रहे हैं। विभाग ने बताया कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा।














