ग्रेटर नोएडा । इनोवेटिव इंस्टीट्यूट ऑफ लॉ, ग्रेटर नोएडा में आज राष्ट्रीय मूट कोर्ट प्रतियोगिता 2026 का भव्य शुभारंभ किया गया। इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में देशभर से कुल 24 टीमों ने सहभागिता की, जिससे कार्यक्रम अत्यंत प्रतिस्पर्धात्मक एवं ज्ञानवर्धक बन गया।

इस प्रतियोगिता की विशेषता यह रही कि इसमें दिल्ली, गाजियाबाद, चंडीगढ़, बिहार, आंध्र प्रदेश, ग्रेटर नोएडा, बेंगलुरु, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश एवं गुजरात सहित विभिन्न राज्यों एवं नगरों से प्रतिभागियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम का उद्घाटन माननीय न्यायमूर्ति श्याम किशोर शर्मा (सेवानिवृत्त), पूर्व न्यायाधीश, पटना उच्च न्यायालय एवं वरिष्ठ अधिवक्ता, भारत के सर्वोच्च न्यायालय द्वारा किया गया। अपने उद्बोधन में उन्होंने विद्यार्थियों को न्यायिक प्रणाली की गहन समझ विकसित करने तथा व्यावहारिक ज्ञान अर्जित करने हेतु प्रेरित किया।
प्रतियोगिता के प्रथम दिवस पर दो प्रारंभिक चरण आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें से 12 टीमों का चयन किया जाएगा। चयनित टीमें आगे चतुर्थांश फाइनल, अर्ध-फाइनल एवं अंतिम चरण में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी।
इस अवसर पर संस्थान के गणमान्य पदाधिकारी उपस्थित रहे, जिनमें चेयरमैन डॉ. के. आर. शर्मा, शैक्षणिक निदेशक डॉ. तितिक्षा शर्मा, प्रबंध निदेशक देवाशीष, प्राचार्य (विधि) प्रो. एम. के. पांडेय, कुलसचिव अंजनी एवं प्रवेश निदेशक डॉ. एस. एन. मिश्रा की गरिमामयी उपस्थिति रही।
संस्थान के पदाधिकारियों ने बताया कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों को उनके विधिक ज्ञान को व्यावहारिक रूप से प्रस्तुत करने का अवसर प्रदान करती हैं तथा उन्हें राष्ट्रीय स्तर की प्रतिस्पर्धाओं के लिए सशक्त बनाती हैं।
इनोवेटिव इंस्टीट्यूट ऑफ लॉ द्वारा भविष्य में भी इस प्रकार के शैक्षणिक एवं व्यावहारिक कार्यक्रमों का आयोजन निरंतर किया जाता रहेगा, जिससे विद्यार्थियों के समग्र विकास को प्रोत्साहन मिल सके।














