ग्रेटर नोएडा । थाना बीटा-2 पुलिस ने आज मोटरसाइकिल चोरी करने वाले चार शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से चोरी की 5 मोटरसाइकिलें और अवैध हथियार बरामद किए गए हैं।
पुलिस को लोकल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना से जानकारी मिली थी कि कुछ लोग नट मढैया गोल चक्कर के पास चोरी की मोटरसाइकिलों के साथ मौजूद हैं। इस सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए थाना बीटा-2 पुलिस ने दबिश दी और दिलीप, अजय, जैद और राज नामक चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार किए गए आरोपी के पास से फर्जी रजिस्ट्रेशन नंबर प्लेट लगी हुई 5 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद हुई हैं। इसके अतिरिक्त, अभियुक्त अजय के कब्जे से एक तमंचा और एक जिंदा कारतूस, जबकि दिलीप के कब्जे से एक अवैध चाकू भी बरामद किया गया है।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में दोपहिया वाहनों की रेकी कर उन्हें चोरी करते थे। चोरी की गई मोटरसाइकिलों पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर उनका इस्तेमाल अन्य आपराधिक घटनाओं में भी किया जाता था। पकड़े जाने के डर से ये अपने पास अवैध हथियार रखते थे और चोरी के वाहनों को औने-पौने दामों पर बेचकर मुनाफा कमाते थे।
बरामद मोटरसाइकिलों में से एक स्प्लेंडर बादलपुर क्षेत्र से, एक स्प्लेंडर सूरजपुर क्षेत्र से और एक स्प्लेंडर प्रो बसंत कुंज, दिल्ली से चोरी की गई थी।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी शातिर किस्म के चोर है। फिलहाल पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।














