ग्रेटर नोएडा। उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्धनगर में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना इकोटेक-3 पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने मैनुअल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर गांजा तस्करी और बिक्री करने वाले एक सक्रिय अंतर्राज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई के दौरान तीन पुरुषों और दो महिलाओं सहित कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस द्वारा मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार को पुलिस टीम ने क्षेत्र में गश्त और सूचना के आधार पर सीआईएसएफ कैंप यू-टर्न के पास घेराबंदी की। यहाँ से पुलिस ने पांच संदिग्धों को दबोचा। पकड़े गए आरोपियों की पहचान सत्य शरण, सुमित, अभिषेक, लाली और कश्मीरा के रूप में हुई है। ये सभी आरोपी पिछले करीब 6 वर्षों से गुलिस्तानपुर और आसपास के इलाकों में रहकर अवैध मादक पदार्थों की तस्करी का जाल फैला रहे थे।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 9 किलो 900 ग्राम गांजा और गांजे की बिक्री से प्राप्त 2,90,400 रुपये की भारी-भरकम नकदी बरामद की है।
मिली जानकारी के अनुसार पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह के सदस्य अलग-अलग जिलों (शाहजहांपुर, हमीरपुर, फिरोजाबाद और बदायूँ) के मूल निवासी हैं। शिक्षा के स्तर पर गिरोह का मुख्य सदस्य सत्य शरण 5वीं पास है, जबकि सुमित 8वीं और अभिषेक 10वीं तक पढ़ा है। गिरोह की महिला सदस्य अनपढ़ हैं। यह समूह छोटे-छोटे पारदर्शी पैकेट बनाकर गांजे की पुड़िया बेचता था, जिसके लिए वे स्टेपलर और विशेष पैकिंग टूल्स का इस्तेमाल करते थे।














