ग्रेटर नोएडा ( आमिर खान, ग्रेनो एक्सप्रेस, संवाददाता ) । ग्रेटर नोएडा का नॉलेज पार्क क्षेत्र, जो अपनी शैक्षणिक संस्थाओं और हजारों छात्र-छात्राओं के लिए जाना जाता है, आज पुलिस की भारी मुस्तैदी का गवाह बना।

गर्ल्स हॉस्टलों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने और छात्राओं में असुरक्षा की भावना पैदा करने वाले हुड़दंगबाजों को सबक सिखाने के लिए नॉलेज पार्क थाना पुलिस ने एक चैकिंग अभियान चलाया।

दरअसल यह विशेष चेकिंग अभियान ग्रेटर नोएडा एसीपी वन हेमंत उपाध्याय की उपस्थिति में चलाया गया। पुलिस की कई टीमों ने नॉलेज पार्क के उन संवेदनशील पॉइंटों पर घेराबंदी की, जहाँ अक्सर शाम के समय बाहरी युवकों और मनचलों के जमावड़े की शिकायतें मिलती रहती थीं। अभियान के दौरान पुलिस का सख्त तेवर देख गलियों में बेवजह खड़े युवकों में भगदड़ मच गई।

पुलिस ने इस अभियान के दौरान केवल पैदल चलने वालों ही नहीं, बल्कि लग्जरी गाड़ियों में घूम रहे हुड़दंगबाजों पर भी शिकंजा कसा। नियमों का उल्लंघन करने वाली दर्जनों गाड़ियों के भारी-भरकम चालान काटे गए। विशेष रूप से जिन गाड़ियों के शीशों पर काली फिल्म (Black Film) लगी थी, उन्हें मौके पर ही उतरवाया गया। इसके अलावा, तेज आवाज कर दहशत फैलाने वाले अवैध हूटरों को भी वाहनों से हटवाया गया।

मनचलों को दी गई कड़ी चेतावनी
गर्ल्स हॉस्टलों के आसपास बिना किसी ठोस कारण के बुलेट या तेज रफ्तार बाइक से चक्कर काटने वाले युवकों को रोककर पूछताछ की गई। पुलिस ने कई मनचलों को मौके पर ही कड़ी फटकार लगाई और उनके परिजनों को सूचित करने की चेतावनी दी। एसीपी हेमंत उपाध्याय ने स्पष्ट किया कि शिक्षण संस्थानों के आसपास किसी भी प्रकार की अश्लीलता या गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
आपको बता दे नॉलेज पार्क क्षेत्र एक महत्वपूर्ण एजुकेशन हब है, जहाँ देश-विदेश से छात्राएं शिक्षा ग्रहण करने आती हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह अभियान केवल एक दिन के लिए नहीं है, बल्कि भविष्य में भी औचक रूप से ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी ताकि अपराधी और असामाजिक तत्वों के मन में पुलिस का डर बना रहे।
पुलिस ने आम जनता से भी अपील की है कि यदि उनके आसपास कोई संदिग्ध गतिविधि या हुड़दंग दिखाई दे, तो तुरंत पुलिस हेल्पलाइन पर सूचना दें।














