ग्रेटर नोएडा ( आमिर खान, ग्रेनो एक्सप्रेस, संवाददाता ) । गौतम बुद्ध नगर जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत नॉलेज पार्क थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने उड़ीसा से दिल्ली-एनसीआर में गांजे की तस्करी करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में अवैध गांजा और तस्करी में प्रयुक्त कार बरामद की गई है।

चेकिंग के दौरान पकड़ी गई खेप
जानकारी के अनुसार, नॉलेज पार्क पुलिस एक्सपो मार्ट के समीप संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक पीले नंबर प्लेट वाली हुंडई एक्सेंट कार वहां पहुंची। पुलिस को देखकर कार सवार युवक घबरा गए और भागने का प्रयास करने लगे। पुलिस ने घेराबंदी कर जब वाहन की तलाशी ली, तो उसमें से 102 किलो अवैध गांजा बरामद हुआ। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस गांजे की कीमत करीब 25 लाख रुपये आंकी जा रही है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान
पुलिस ने मौके से तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है, जिनकी पहचान रिंकू यादव, अभिषेक कुमार और संदीप साहू के रूप में हुई है।

यूनिवर्सिटी के छात्र थे मुख्य टारगेट
एडिशनल डीसीपी सुधीर कुमार ने बताया कि यह गिरोह बेहद शातिर तरीके से अपना नेटवर्क चला रहा था। पूछताछ में सामने आया कि ये लोग उड़ीसा से सस्ते दामों पर गांजा खरीदते थे। वहां से किराए के ट्रक के जरिए गांजे की बड़ी खेप एनसीआर लाई जाती थी। दिल्ली-एनसीआर में ये लोग अलग-अलग स्थानों पर किराए के कमरे लेते थे, जहाँ गांजे को सुरक्षित रखा जाता था।
हैरानी की बात यह है कि तस्करी के लिए ये लोग दिन में किराए की टैक्सी का उपयोग करते थे ताकि पुलिस को शक न हो। यह गिरोह नोएडा और ग्रेटर नोएडा की नामी यूनिवर्सिटी और कॉलेजों में पढ़ने वाले छात्रों को अपना निशाना बनाता था और उन्हें ऊंचे दामों पर नशीले पदार्थ सप्लाई करता था।
पुलिस ने आरोपियों के पास से तस्करी में इस्तेमाल होने वाली टैक्सी गाड़ी को भी जब्त कर लिया है। पुलिस अब इनके नेटवर्क के अन्य सदस्यों और पूर्व में की गई सप्लाई की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है। एडिशनल डीसीपी ने बताया कि पकड़े गए तस्करों के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है और इनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।














